
यूरिया खाद टोकन वितरण में हंगामा, किसानों ने एनएच-62 पर लगाया जाम




यूरिया खाद टोकन वितरण में हंगामा, किसानों ने एनएच-62 पर लगाया जाम
खुलासा न्यूज़, लूणकरणसर। यूरिया खाद के टोकन वितरण के दौरान बुधवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 62 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार लूणकरणसर स्थित कार्यालय प्रशासक मंडी विकास समिति परिसर में यूरिया खाद के लिए टोकन का वितरण किया जा रहा था। वितरण के दौरान किसानों को बताया गया कि मांग के अनुरूप यूरिया उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही प्रति टोकन पांच थैलों के बजाय केवल दो थैले दिए जाने की सूचना मिली, जिससे किसान नाराज हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ किसानों ने हाईवे पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया। जाम के कारण कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से समझाइश कर जाम खुलवाया। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई।



