[t4b-ticker]

इसरो ने फिर रचा इतिहास, 6100kg का अमेरिकी सैटेलाइट किया लॉन्च

इसरो ने फिर रचा इतिहास, 6100kg का अमेरिकी सैटेलाइट किया लॉन्च

खुलासा न्यूज़। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने एक बार फिर अंतरिक्ष जगत में भारत का परचम लहराया है। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से बुधवार सुबह LVM3-M6 रॉकेट के जरिए अमेरिका का ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया।

करीब 6,100 किलोग्राम वजनी ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 अब तक भारत से लॉन्च किया गया सबसे भारी सैटेलाइट है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर इसरो चेयरमैन वी. नारायणन ने इसे देश के लिए बड़ी सफलता बताया। इससे पहले नवंबर में लॉन्च किया गया LVM3-M5 कम्युनिकेशन सैटेलाइट-03 लगभग 4,400 किलोग्राम का था, जिसे जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में स्थापित किया गया था।

जिस LVM3-M6 रॉकेट से इस सैटेलाइट को लॉन्च किया गया, उसका कुल वजन लगभग 640 टन है। यह भारत का अब तक का सबसे भारी लॉन्च व्हीकल है। ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 एक नेक्स्ट-जेनरेशन कम्युनिकेशन सैटेलाइट है, जिसका उद्देश्य सीधे सामान्य स्मार्टफोन तक हाई-स्पीड सेल्युलर ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाना है।

इस सैटेलाइट के माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने से 4G और 5G वॉयस कॉल, वीडियो कॉल, मैसेजिंग, स्ट्रीमिंग और डेटा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। यह मिशन न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) और अमेरिका की कंपनी AST स्पेसमोबाइल (AST एंड साइंस, LLC) के बीच हुए एक वाणिज्यिक समझौते का हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड, इसरो की कॉमर्शियल शाखा है।

Join Whatsapp