
25 दिसंबर के लिए मौसम विभाग की लेटेस्ट भविष्यवाणी, जाने कैसा रहेगा मौसम




25 दिसंबर के लिए मौसम विभाग की लेटेस्ट भविष्यवाणी, जाने कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में कोहरे की चपेट बढ़ती जा रही है और आज से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 23 से 25 दिसंबर के दौरान रात के पारे में लगातार कमी रहने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो गया, जिसके बाद राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में कोहरे का असर देखने को मिला।
कई इलाकों में हल्के से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 10 मीटर तक रह गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सिरोही में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के आठ शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। वहीं बीकानेर में मंगलवार सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है। बीकानेर शहर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर महज 25 मीटर रह गई। कोहरे के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है। रात से ही बीकानेर में तापमान में गिरावट का असर दिख गया था, वहीं कोहरा भी रात में फैलना शुरू हो गया।




