
ये हाईवे अब होगा फोर लेन, इससे होंगे ये फायदे, बीकानेर को भी मिलेगा फायदा




ये हाईवे अब होगा फोर लेन, इससे होंगे ये फायदे, बीकानेर को भी मिलेगा फायदा
राजस्थान के लिए अच्छी खबर। सूरतगढ़ व श्रीगंगानगर हाईवे अब चार लेन का होगा। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सूरतगढ़-गंगानगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-62) को दो लेन से चार लेन करने की स्वीकृति दे दी है। सूरतगढ़ व श्रीगंगानगर हाईवे की 75.5 किमी लंबाई की इस सड़क को चार लेन करने के लिए केंद्रीय मंत्रालय ने 1022.57 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस सड़क के चार लेन निर्माण से देश की रक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राजस्थान के सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर तक फैले राष्ट्रीय राजमार्ग-62 के 75.550 किलोमीटर लंबे हिस्से को चार लेन में परिवर्तित करने से राजस्थान को बहुत फायदा होगा। भारत की पश्चिमी सीमा के निकट रणनीतिक रूप से स्थित यह परियोजना सैन्य गतिशीलता और रक्षा रसद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे राजस्थान और पंजाब के बीच अंतरराज्यीय संपर्क भी मजबूत होगा।
साथ ही सूरतगढ़-गंगानगर राष्ट्रीय राजमार्ग के चार लेन के होने से कृषि व्यवसाय, वस्त्र और खाद्य प्रसंस्करण केंद्रों को व्यापक बाजारों से जोड़कर क्षेत्रीय औद्योगिक और कृषि विकास को गति मिलेगी। बेहतर मार्ग व्यवस्था से पर्यटन, ग्रामीण विकास और सतत परिवहन एकीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इससे बीकानेर से श्रीगंगानगर जाने वाले लोगों को भी फायदा मिल सकेगा




