
राजस्थान सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला: बीकानेर में जिला कलेक्टर की जगह संभागीय आयुक्त को लगाया निगम प्रशासक, अब आयुक्त के पास होंगी महापौर जैसी शक्तियां




राजस्थान सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला: बीकानेर में जिला कलेक्टर की जगह संभागीय आयुक्त को लगाया निगम प्रशासक, अब आयुक्त के पास होंगी महापौर जैसी शक्तियां
खुलासा न्यूज़, बीकानेर। राजस्थान सरकार ने सोमवार को एक अहम प्रशासनिक आदेश जारी किया, जिससे प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई। सरकार ने राज्य के तीन बड़े नगर निगमों — बीकानेर, भरतपुर और उदयपुर — में प्रशासकों के दायित्वों में बड़ा बदलाव किया है। अब इन तीनों नगर निगमों में जिला कलेक्टरों के स्थान पर संभागीय आयुक्तों को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
बीकानेर में जिला कलेक्टर नमृता वृष्णी की जगह संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा अब नगर निगम में प्रशासक की भूमिका में रहेंगे। नगर निगम में यह प्रशासनिक फेरबदल राजनीतिक समीकरणों को साधने का उपाय भी हो सकता है। नगर निगमों में महापौर का पद राजनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
लेकिन इन नगर निगमों में फिलहाल निर्वाचित महापौर न होने के कारण, सभी शक्तियां अब संभागीय आयुक्तों के पास केंद्रित हो जाएंगी।




