
खुशखबरी: बीकानेर में इस जगह शुरू हुआ ई बस डिपो का निर्माण, मिलेगा फायदा




खुशखबरी: बीकानेर में इस जगह शुरू हुआ ई बस डिपो का निर्माण, मिलेगा फायदा
बीकानेर। नगरीय परिवहन सेवा को लेकर ई बस डिपो का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के सामने बन रहे इस ई डिपो के अगले साल मई तक तैयार होने की संभावना है। 8 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से ई बस डिपो में निर्माण कार्य होना है। रूडसिको के माध्यम से बन रहे इस ई डिपो में 75 ई बस डिपो के लिए पार्किंग वे की व्यवस्था होगी। ई बस डिपो के लिए दीवार निर्माण का कार्य चल रहा है। नगर निगम की ओर से ई बस डिपो के हो रहे निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ई बस डिपो का निर्माण 160 मीटर गुणा 125 मीटर भूमि पर हो रहा है। इसमें बाउण्ड्री वॉल सहित 75 बसों के लिए पार्किंग वे, एडमिन ब्लॉक, वर्कशॉप, वॉशिंग एरिया, ओवर हैड टैंक, ईटीपी, गार्ड रूम सहित अन्य निर्माण कार्य होने है। मई 2026 तक सभी प्रकार के सिविल कार्य पूर्ण होने की संभावना है। ई बस डिपो में ईटीपी का निर्माण होगा। डिपो में बसों की वॉशिंग से निकलने वाले पानी का शोधन इस ईटीपी के माध्यम से होगा। ईटीपी से शोधित होने वाले पानी का पुन: उपयोग हो सकेगा। वहीं डिपो परिसर में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की भी व्यवस्था होगी। बारिश के पानी को बोरवेल के माध्यम से भूमि के अंदर रिचार्ज किया जाएगा।




