
देशभर के किसानों के लिए खुशखबरी: इस दिन जारी होगी PM किसान योजना की 21वीं किस्त, 9 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ



देशभर के किसानों के लिए खुशखबरी: इस दिन जारी होगी PM किसान योजना की 21वीं किस्त, 9 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ
खुलासा न्यूज़। देशभर के किसानों के लिए राहत और उत्साह की खबर आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 21वीं किस्त जारी करेंगे। इस मौके पर किसानों के बैंक खातों में सीधे 2,000 रुपए की राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि पूरी तरह डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के तहत किसानों के आधार-लिंक्ड बैंक खातों में बिना किसी बिचौलिए या देरी के पहुंचाई जाएगी।
अब तक 3.70 लाख करोड़ रुपए किसानों को ट्रांसफर-केंद्र सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक 3.70 लाख करोड़ रुपए से अधिक राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर कर चुकी है। दुनिया में पहली बार किसी देश ने इतनी बड़ी आबादी को पारदर्शी तरीके से नकद सहायता पहुंचाने का यह रिकॉर्ड बनाया है। भारत ने डिजिटल भुगतान और सीधी नकद सहायता (Direct Benefit Transfer) में अब वैश्विक नेतृत्व स्थापित किया है।
योजना की सबसे बड़ी ताकत — पारदर्शी डायरेक्ट ट्रांसफर। PM-KISAN योजना की सबसे बड़ी सफलता इसका डायरेक्ट ट्रांसफर मॉडल है। किसानों को अब किसी फॉर्म, कार्यालय या बिचौलिए की आवश्यकता नहीं होती।
राशि सीधे किसान के आधार-सीडेड खाते में पहुंच जाती है, जिससे भ्रष्टाचार की संभावनाएं लगभग समाप्त हो गई हैं।
फेस ऑथेंटिकेशन से हुई प्रक्रिया आसान। सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में PM-KISAN योजना को और सरल बनाया है। पहले e-KYC के लिए किसानों को CSC सेंटर पर जाकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया मोबाइल कैमरे से फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से कुछ सेकेंड में पूरी हो जाती है। फेस ऑथेंटिकेशन अब e-KYC का सबसे लोकप्रिय तरीका बन गया है। इसके अलावा OTP और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के विकल्प भी चालू हैं।
9 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ. केंद्र सरकार के अनुसार, 21वीं किस्त का लाभ 9 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को मिलेगा। इस बार सरकार कुल 18,000 करोड़ रुपए किसानों के खातों में ट्रांसफर करेगी। हर किसान के खाते में 2,000 रुपए की राशि भेजी जाएगी।
राजस्थान के किसानों के लिए बड़ी राहत। राजस्थान में लगभग 75 लाख से अधिक किसान पीएम किसान योजना से जुड़े हैं। इनमें से अधिकांश पात्र किसानों को 21वीं किस्त का लाभ मिलेगा। यह राशि किसानों के लिए रबी सीजन की तैयारियों — जैसे खाद, बीज, सिंचाई और अन्य खर्चों में बड़ी मदद साबित होगी।
किसानों के लिए सरकार का निरंतर समर्थन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं एक क्लिक के माध्यम से इस राशि को देशभर के किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।




