
बीकानेर : झौपड़े में आग लगने से जिंदा जली महिला, लाखों रुपए के जेवरात सहित सारा सामान जलकर हुआ राख





बीकानेर : झौपड़े में आग लगने से जिंदा जली महिला, लाखों रुपए के जेवरात सहित सारा सामान जलकर हुआ राख
बीकानेर। बीकानेर के हदां थाना क्षेत्र में एक खेत में बने झौपड़े में आग लग गई, जिससे एक महिला जिंदा जल गई। वहीं करीब सोलह लाख रुपए के जेवरात, कपड़े और अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर हदां पुलिस और ग्राम विकास अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। उधर, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने भी इस बारे में रिपोर्ट मांगी है।
हदां थाना क्षेत्र में आने वाले गांव खेतोलाई मूलवान में मंगलवार शाम को अचानक आग लगी। खेत में बनी ढाणी की आग ने झौपड़े को जलाकर राख कर दिया। यहां भूराराम पुत्र चुनाराम नायक की एक झौपड़ी थी। इसी झौपड़ी में उसकी बेटी सुशीला (30) सो रही थी। अचानक आग की चपेट में आने से वो बाहर नही आ सकी। जलने से उसकी मौत हो गई। उसका शव कोलायत के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया है। जहां पोस्टमार्टम होगा।
ग्राम पंचायत झझू के प्रशासक की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब तीन लाख रुपए का घर का सामान जल गया। वहीं सोने व चांदी के करीब दस लाख रुपए के आभूषण भी जल गए हैं। मोठ व धान भी यहां पड़ी थी। पचास क्विंटल धान जल गया। इसके अलावा एक गाय और तीन बकरियां भी जलने से मर गई। करीब सोलह लाख 55 हजार रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई है। घटना पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने रिपोर्ट ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।




