
दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से ठगी, वर्क वीजा का कहकर टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजा





दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से ठगी, वर्क वीजा का कहकर टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजा
विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को वर्क वीजा का कहकर टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया और वहां उसे कोई काम नहीं मिला। इसके बाद युवक वापस इंडिया लौट आया। न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट (श्रीगंगानगर) में दी शिकायत में बाबूलाल (60) निवासी पठानवाला (श्रीगंगानगर) ने बताया कि उसका लड़का बेरोजगार है। 25 अगस्त 2024 में भट्टा कॉलोनी चक 17 एमएल निवासी राजकुमार से उसकी (बाबूलाल) की मुलाकात हुई। राजकुमार ने बाबूलाल से कहा कि विनोद कुमार का पासपोर्ट बना हुआ है। वह विनोद को 75 हजार रुपए में वर्क वीजा पर दुबई भेज देगा, जहां पर विनोद कुमार महीने लाखों रुपए कमाएगा। बाबूलाल, आरोपियों के झांसे में आ गया और लड़के को दुबई भेजने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद राजकुमार ने मुंबई के एजेंट राजेश कुमार और दीपक कुमार से बात करवाई, जो खुद को दुबई भेजने वाले एजेंट बताते थे। इसके बाद विनोद ने राजकुमार की पत्नी रीना और एक लड़की रविना के अकाउंट में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 11 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद राजकुमार ने विनोद को 2 मई 2025 को मुंबई एयरपोर्ट से दुबई की फ्लाइट पर रवाना कर दिया। दुबई पहुंचने पर कंपनी वालों ने बताया कि वीजा टूरिस्ट का है, वर्क का नहीं। विनोद कुमार को दुबई में कोई काम नहीं मिला।
जिसके तीन महीने बाद 1 अगस्त 2025 को विनोद वापस भारत लौट आया। वापस आने पर विनोद ने राजकुमार, राजेश और दीपक से पैसे मांगे तो इनकी बहस हो गई। तब राजेश-दीपक ने कहा कि उन्होंने सिर्फ 72 हजार लिए थे, बाकी राजकुमार से लो। इसके बाद राजकुमार ने विनोद को धमकाते हुए कहा- जितनी तेरी उम्र है, उतने कांड कर चुका हूं। तेरे जैसे कई लड़कों को ठगता हूं। वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसके बाद विनोद ने कोर्ट में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया। फिलहाल न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ गोदारा के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई रामपाल कर रहे हैं।




