
बीकानेर: जहां पुलिस का सबसे ज्यादा पहरा, सुबह वहीं मोबाइल छीन ले गए बदमाश





बीकानेर: जहां पुलिस का सबसे ज्यादा पहरा, सुबह वहीं मोबाइल छीन ले गए बदमाश
बीकानेर। शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते ही जा रही हैं। अब तो ऐसे लगने लगा है कि रात का समय हो या फिर सुबह का बाहर निकलने से पहले खुद की सुरक्षा खुद को ही करनी पड़ेगी। क्योंकि बीकानेर में लगातार घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। इनमें सबसे ज्यादा घटना छीना झपटी की सामने आ रही है। पुलिस कार्रवाई कर रही है लेकिन सिर्फ और सिर्फ पुराने बदमाशों को ही चिन्हित करके गिरफ्तार किया जा रहा है। बात करें मंगलवार की तो पुलिस की ओर से शाम को इंद्रा कॉलोनी में सर्च अभियान चलाया गया और बदमाश प्रवृत्ति के नौ लोगों को गिरफ्तार किया। मजे की बात इनमें एक भाजपा का मंडल पदाधिकारी भी बताया जा रहा है। लंबे समय से इस क्षेत्र में आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। नशा भी बिक रहा है। भाजपा नेता भगवन सिंह मेडतियां की ओर से भी इसके खिलाफ लगातार आवाज उठाई जा रही है। पुलिस को भी इस क्षेत्र में शिकायत मिली थी।
इसको देखते हुए टीमों का गठन किया और आने-जाने वाले रास्तों पर सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन इसी क्षेत्र में सुबह बुजुर्ग के साथ मोबाइल छीनने की भी वारदात सामने आई। इंद्रा कॉलोनी निवासी तेज सिंह राठौड़ सुबह घूमने के लिए घर से निकले थे वह आरसीपी कॉलोनी से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान कॉलोनी और एफसीआई गोदाम के बीच बाइक पर सवार होकर पीछे से आए दो नकाबपोशों ने झपट मारा और उनके हाथ से मोबाइल छीन कर फरार हो गए। ऐसे में पुलिस को अब उन लोगों को चिन्हित करने की आवश्यकता है जो नशे के कारोबार से जुड़े हैं जो नशे के लिए इन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। केवल एक या दो दिन से सर्च अभियान चलाने से कुछ भी नहीं होना है। लगातार सर्च अभियान और सख्ती से इन वारदातों को रोका जा सकता है। क्योंकि बीकानेर के मुख्य चौराहे पर रात को 10 बजे के बाद पुलिस थोड़ी कम ही नजर आती है। इतना ही नहीं बीकानेर के मुख्य सड़कों पर भी पुलिस की गश्त कोई खास दिखाई ही नहीं देती है। ऐसे में अब पुलिस अधीक्षक को ओर सख्ती दिखाते हुए खुद को फील्ड में उतरने की आवश्यकता है। जिससे शहर में क्राइम को रोका जा सके।




