
बड़ी खबर: महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को CM फेस चुना, अशोक गहलोत ने कहा- देश के हालात गंभीर, दो डिप्टी CM बनाएंगे





बड़ी खबर: महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को CM फेस चुना, अशोक गहलोत ने कहा- देश के हालात गंभीर, दो डिप्टी CM बनाएंगे
खुलासा न्यूज़। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने बड़ा ऐलान किया है। राजद प्रमुख तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। यह घोषणा कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने पटना के होटल मौर्या में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।
गहलोत ने कहा, “हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। अब गेंद NDA के पाले में है, वे बताएं कि उनका सीएम फेस कौन है। सिर्फ ‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे’ कह देने से बात नहीं बनेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर उपमुख्यमंत्री पद पर मुकेश सहनी होंगे, साथ ही अन्य उपमुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे, जो पिछड़े वर्गों से होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल होटल मौर्या में तेजस्वी यादव की तस्वीरों से सजे पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। इनमें कांग्रेस या अन्य दलों के नेताओं की तस्वीरें नहीं थीं, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई और विपक्ष ने इसे लेकर निशाना साधा।
भाजपा ने साधा निशाना
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि “महागठबंधन के भीतर गहरी कलह है। जो दल सीटों का बंटवारा तय नहीं कर सकता, वह राज्य की सरकार कैसे चला पाएगा?”
कांग्रेस ने दिया जवाब
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, “विपक्ष जो चाहे कहे, लेकिन हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। पोस्टर में सिर्फ तेजस्वी की तस्वीर होना कोई मुद्दा नहीं। बिहार के युवाओं के लिए मुद्दा रोजगार और विकास है, न कि दीवारों पर लगी तस्वीरें।”
तेजस्वी यादव के सीएम फेस घोषित होने के साथ ही बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें एनडीए पर हैं कि वह अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम कब घोषित करेगा।
अशोक गहलोत ने कहा- देश के हालात गंभीर
बिहार कांग्रेस के प्रभारी अशोक गहलोत बोले- देश के हालात गंभीर हैं। लोग चिंतित हैं। किसी को नहीं पता कि देश किस दिशा जाएगा। हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि देश कहां जाएगा। बिहार के चुनाव पर देशभर की नजर है। बेरोजगारी हो या अन्य कई मुद्दे हों, जैसा कि सब साथियों ने बताया, छात्र, युवा, किसान, चिंता रोजगार की है। लोग बदलाव चाहते हैं।
गहलोत ने कहा- हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौती है। डेमोक्रेसी का मुखौटा रह गया है। मैं क्या कहूं, आप लोग सब जानते हैं। बीजेपी को लोकसभा चुनाव में 240 पर समेट दिया। तेजस्वी जी ने उस वक्त भी कमाल किया था।
तेजस्वी ने कहा- जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे
तेजस्वी ने कहा, हम सभी का दिल से धन्यवाद देते हैं कि मुझ पर पुन भरोसा जताया है। सभी का दिल से धन्यवाद है। सबसे कहना चाहता हूं कि जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़कर फेंकेंगे।
जैसा कि गहलोत जी ने कहा कि नीतीश जी के साथ एनडीए में जो अन्याय हो रहा है, उन्हें सीएम फेस घोषित नहीं किया गया। वे लोग नीतीश जी मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। ये अमित शाह जी एक बार नहीं, कई बार बोल चुके हैं। आखिर आप लोग मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान क्यों नहीं कर रहे? जेडीयू के कई नेता नीतीश जी की खराब सेहत का फायदा उठाकर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं, अपनी पार्टी खत्म कर रहे हैं।

