
बीकानेर में गूंजेगी शेर की दहाड़, बायोलॉजिकल पार्क तैयार


















बीकानेर में गूंजेगी शेर की दहाड़, बायोलॉजिकल पार्क तैयार
बीकानेर। राजस्थान के मरुभूमि क्षेत्र बीकानेर में जल्द ही गूंजेगी शेर की दहाड़। बीछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क लगभग बनकर तैयार है और अब इसका इंतजार है सिर्फ सेंट्रल जू अथॉरिटी ऑफ इंडिया की स्वीकृति का। यह पार्क न केवल संभाग का सबसे बड़ा जैविक उद्यान होगा, बल्कि इसका स्वरूप इतना आकर्षक है कि यह पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण दोनों का केंद्र बनेगा। करीब 60 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह बायोलॉजिकल पार्क बीकानेर की पहचान बनेगा।
यहां 15,000 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश अब घने वृक्ष बन चुके हैं। वन विभाग की मेहनत और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील योजना ने इसे एक जीवंत हरित क्षेत्र में बदल दिया है। यह पार्क बीकानेरवासियों के लिए एक मिनी वाइल्डलाइफ सेंचुरी की तरह होगा। यहां 35 पिंजरों में देशी और विदेशी प्रजातियों के जीव-जंतु रखे जाएंगे। जिसमें शाकाहारी जीवों में, चितल, चिंकारा, ब्लैक बक (काला हिरण), नीलगाय, बंदर और कई दुर्लभ पक्षी शामिल हैं। वहीं मांसाहारी जीवों में एशियन लॉयन (एशियाई शेर), बंगाल टाइगर, पैंथर, भेड़िया, सियार, लकड़बग्घा, वाल्फ जैसे खूंखार शिकारी होंगे।

