
‘महाभारत’ फेम अभिनेता पंकज धीर का निधन, कर्ण के किरदार से बने थे मशहूर





‘महाभारत’ फेम अभिनेता पंकज धीर का निधन, कर्ण के किरदार से बने थे मशहूर
मुंबई। टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का बुधवार (15 अक्टूबर) सुबह 11:30 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।
पंकज धीर ने बी.आर. चोपड़ा के महाभारत में कर्ण का किरदार निभाया था। इसके अलावा वे चंद्रकांता, युग, द ग्रेट मराठा, बढ़ो बहू जैसे टीवी शोज़ में नजर आए। फिल्मों में भी उन्होंने काम किया, जिनमें आशिक आवारा, सड़क, सोल्जर और बादशाह शामिल हैं। पंकज धीर का बेटा निकितिन धीर भी अभिनेता हैं, जिनकी शादी कृतिका सेंगर से हुई है।
महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले और पंकज के सह-अभिनेता रहे फिरोज खान ने कहा, “हां, यह सच है कि वे अब इस दुनिया में नहीं रहे। व्यक्तिगत रूप से, मैंने एक बहुत ही अच्छे दोस्त को खो दिया है। वह बेहद अच्छे इंसान थे। मुझे अभी भी सदमा है और मुझे नहीं पता क्या कहना चाहिए। वह वाकई में एक अद्भुत व्यक्ति थे।”

