
केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने राजीविका की 278 महिलाओं को 2 करोड़ रू. ऋण वितरण का चैक किया भेंट, अब तक स्वयं सहायता समूह की 23 हजार 926 महिलाएं बन चुकी लखपति दीदी





केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने राजीविका की 278 महिलाओं को 2 करोड़ रू. ऋण वितरण का चैक किया भेंट, अब तक स्वयं सहायता समूह की 23 हजार 926 महिलाएं बन चुकी लखपति दीदी
बीकानेर जिले में ज्यादा से ज्यादा लखपति दीदी बनाने और महिलाओं की इनकम बढ़ाने का करेंगे प्रयास- श्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को डिजिटल सक्षम बनाने को लेकर फ्लिपकार्ट की ओर से आयोजित ट्रेनिंग कार्यक्रम में बोले श्री मेघवाल
कार्यक्रम में राजीविका की 278 लखपति दीदियों को कुल 2 करोड़ रू.ऋण वितरण का चैक किया भेंट
जिले में अब तक स्वयं सहायता समूह की 23 हजार 926 महिलाएं बन चुकी लखपति दीदी
जिले के 9 ब्लॉक के 768 गांवों में 7 हजार 390 स्वयं सहायता समूहों का अब तक हो चुका गठन
बीकानेर, 13 अक्टूबर। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर जिले में ज्यादा से ज्यादा लखपति दीदी बनाने और महिलाओं की इनकम बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हों और आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर बड़ा सपना देखेंगी तो उसे पूरा करने के लिए पुरुष भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने को तैयार हो जाएंगे।
श्री मेघवाल सोमवार को जिला परिषद में आजीविका निर्माण में बीकानेर की लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल सक्षम बनाने को लेकर भारत की ई-कॉमर्स प्लेटफार्म फ्लिपकार्ट की ओर से आयोजित ट्रेनिंग कार्यक्रम में लखपति दीदियों को संबोधित कर रहे थे।कार्यक्रम में श्री मेघवाल बीकानेर जिले में राजीविका की 278 लखपति दीदियों को कुल 2 करोड़ रू. का ऋण वितरण का चैक भी भेंट किया।
श्री मेघवाल ने कहा कि पहले यह कहा जाता था कि सपने अगर बड़े देख लिए और वो पूरे नहीं हुए तो कोई भी डिप्रेशन में जा सकता है लेकिन देश के राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने इस भ्रम को तोड़ा और कहा कि सपने बड़े ही देखने चाहिए लेकिन साथ ही उसे पूरा करने का प्लान भी बनाना जरूरी है। लिहाजा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बड़ा सपना देखें और उसे प्लान बनाकर पूरा करें। सरकार बैंकों इत्यादि के जरिए पूरा सहयोग करेगी।
इससे पहले फ्लिपकार्ड के पब्लिक पॉलिसी हैड डॉ तौफीक सिद्दीकी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जो कलाएं विलुप्त हो रही हैं उनको बढ़ावा देने को लेकर फ्लिपकार्ट समूह के कार्यक्रम ”फ्लिपकार्ट समर्थ” के जरिए स्वयं सहायता समूह के साथ मिलकर काम करते हैं। देश के जिस भी जिले में महिलाएं ये सामान बनाती है उसे वहां से उठाकर देशभर में पहुंचाने का कार्य करते हैं। देशभर का मार्केट एक्सेस देते हैं ताकि महिलाएं सशक्त बन सके।
श्रीमती सुमन छाजेड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लखपति दीदी कार्यक्रम शुरू किया। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त बन रही हैं। इससे पहले राजीविका डीपीएम श्री दिनेश मिश्रा ने लखपति दीदी और फ्लिपकार्ट समर्थ कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि जिले में 23 हजार 926 लखपति दीदी बन चुकी हैं। जिले के 9 ब्लॉक के 768 गांवों में 7 हजार 390 स्वयं सहायता समूहों का अब तक गठन किया जा चुका है।
कार्यक्रम में इससे पूर्व बेनीसर की लखपति दीदी श्रीमती मोनिका सहारण और तेजरासर की श्रीमती जन्नत ने सफलता की कहानी सुनाई। कार्यक्रम में सीईओ जिला परिषद श्री सोहनलाल, फ्लिपकार्ट से डॉ तौफीक सिद्दीकी, पॉलिसी वॉच इंडिया फाउंडेशन की सुश्री आभा मिश्रा, श्री श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, श्री सत्यप्रकाश आचार्य, दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक श्री पीयूष मिश्रा,यूआईटी के पूर्व चेयरमैन श्री महावीर रांका, श्री गुमान सिंह राजपुरोहित, सरपंच संघ अध्यक्ष श्री तोला राम,एडवोकेट श्री अशोक प्रजापत,एडवोकेट डॉ अशोक भाटी, दिल्ली से आए वरिष्ठ पत्रकार श्री कुमार पंकज, श्री मोहन कस्वां, श्री विनोद गुसांई समेत जिले के सभी 9 ब्लॉक से करीब 250 लखपति दीदी हिस्सा ले रही थी। कार्यक्रम में मंच संचालन जिला परिषद के आईईसी कोऑर्डिनेटर श्री गोपाल जोशी ने किया।

