
भाजपा के पूर्व विधायक के घर पर 50 से ज्यादा लोगों किया हमला, भाई-चाचा को पीटा, तोडफ़ोड़ की; लडक़ी लेकर भागे युवक का साथ देने का आरोप





भाजपा के पूर्व विधायक के घर पर 50 से ज्यादा लोगों किया हमला, भाई-चाचा को पीटा, तोडफ़ोड़ की; लडक़ी लेकर भागे युवक का साथ देने का आरोप
भरतपुर। भरतपुर में भाजपा के पूर्व विधायक के घर पर 50 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। लाठियां-डंडे लेकर पहुंचे लोगों ने पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंसीवाल के चचेरे भाई, चाचा और छोटे भाई से मारपीट की।
पूर्व विधायक के भाई कमल सिंह ने बताया कि गांव की एक युवक युवती को लेकर भाग गया था। ग्रामीणों को लगा कि युवक हमारे समाज का है तो हमने उसकी मदद की है।
आरोपियों ने गुरुवार सुबह 10 बजे पूर्व विधायक के घर पर हमला कर दिया। मामला बयाना के रुदावल थाना क्षेत्र का है। सूचना पर रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
तनाव को देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस पुलिस फोर्स तैनात की गई है। आरोपी पक्ष फरार है, पुलिस ने कमल सिंह के पर्चा बयान पर FIR दर्ज की है।
बयाना एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने बताया- पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह घर पर बैठकर खाना खा रहे थे। इस दौरान करीब 50-60 लोग इनके घर आए। इसमें से 7 लोगों के पास लाठी-डंडे थे। आरोपियों ने डंडों से कमल सिंह, सुनील और चंपालाल के साथ मारपीट की।
कमल सिंह को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कमल सिंह के पर्चा बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बयाना के पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह निवासी बसई ने बताया- आज सुबह 10 बजे गांव के एक समाज के करीब 50 युवक इकट्ठे होकर हमारे घर पर आए। वह घर के बाहर गालियां दे रहे थे। युवकों के हाथ में लाठी डंडे, सरिया और पत्थर थे। मैंने अपनी मां से कहा कि किसी का झगड़ा हो रहा है।
जैसे ही मेरी मां बाहर देखने गई तो, सभी लोग मेरे घर में घुस गए। उस समय मैं खाना खा रहा था। घर में घुसते ही उन्होंने मेरे ऊपर लाठी, सरिया और डंडों से हमला कर दिया।
कमल सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के एक लड़का और लड़की भाग गए थे। दोनों अलग-अलग जाति के थे। मेरे भाई पूर्व विधायक रहे हैं। इसलिए एक समाज के लोग सोच रहे थे कि लड़का पूर्व विधायक के समाज का है इसलिए वह लड़के का साथ दे रहे हैं। जिसको लेकर आज हमारे घर पर हमला हुआ है। घटना में मेरे परिवार के 3 लोगों को चोट आई है। मेरे चाचा चंपालाल और उनका लड़का सुनील भी घायल है।

