
ट्रम्प के करीबी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार





ट्रम्प के करीबी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार
खुलासा न्यूज़। अमेरिका के यूटा राज्य में उस समय सनसनी फैल गई जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी और कंजर्वेटिव नेता चार्ली किर्क (31) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब किर्क वैली यूनिवर्सिटी में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। हमलावर ने मंच पर ही उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही किर्क गिर पड़े और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, लेकिन मुख्य हमलावर अब भी फरार है। अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर उनकी मौत की पुष्टि की और कहा –
“चार्ली से बेहतर अमेरिकी युवाओं की सोच को कोई नहीं समझ पाया। वह सच्चे मायनों में लेजेंडरी थे।” यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने इसे राजनीतिक हत्या बताया और राज्यभर में 14 सितंबर तक झंडे आधे झुकाने का आदेश दिया।
31 वर्षीय किर्क डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी थे और टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक थे। यह संगठन कॉलेज परिसरों में ट्रंप सरकार की विचारधारा को बढ़ावा देता था। किर्क ने 18 साल की उम्र में इस संगठन की स्थापना की थी और जल्द ही रिपब्लिकन पार्टी में एक उभरते सितारे बन गए थे।
चार्ली किर्क का जन्म इलिनोइस में हुआ था। उनके रेडियो शो ‘द चार्ली किर्क शो’ के लाखों श्रोता थे। उनके एक्स अकाउंट पर 5.3 मिलियन फॉलोअर्स थे। उन्होंने ‘टाइम फॉर अ टर्निंग पॉइंट’ जैसी किताबें लिखीं और युवा मतदाताओं को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाई। किर्क ट्रंप के 2024 के चुनाव अभियान का हिस्सा थे और इजरायल के समर्थक थे।

