
चार बार सांसद रहे कर्नल सोनाराम का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार





चार बार सांसद रहे कर्नल सोनाराम का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार
बाड़मेर पूर्व सांसद और किसान नेता कर्नल सोनाराम चौधरी (85 वर्ष) का हृदयाघात के कारण बुधवार देर रात दिल्ली स्थित अस्पताल में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ में होगा। कर्नल सोनाराम चार बार सांसद और एक बार विधायक रहे। उन्हें पश्चिमी राजस्थान के कद्दावर नेताओं में माना जाता था। जानकारी के अनुसार दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रात 11 बजे बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। गुरुवार को एयर एंबुलेंस से उनकी पार्थिव देह को बाड़मेर लाया जाएगा। वहां से बाड़मेर स्थित उनके निवास स्थान पर दर्शनार्थ के लिए पार्थिव देह को रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव देह को मोहनगढ़, जैसलमेर ले जाया जाएगा। वहीं पर अंतिम संस्कार होगा।
कर्नल सोनाराम का इतिहास
कर्नल सोनाराम जाट समाज के बड़े नेता थे। राजस्थान की राजनीति में जाना-पहचाना नाम था। उनका जन्म 31 मार्च 1945 को हुआ था। इंडियन मिलिट्री अकादमी से पास आउट सोनाराम 1971 युद्ध में भी भाग लिया था। पहले कांग्रेस से राजनीति करने वाले सोनाराम 2014 में भाजपा के साथ जुड़ गए थे। भाजपा के कद्दावर नेता जसवंत सिंह भाजपा का दामन छोड़ बाड़मेर से निर्दलीय चुनाव लड़े, लेकिन मोदी लहर में सोनाराम चुनाव जीत गए थे।

