
बीकानेर में लहराया एक किलोमीटर लंबा तिरंगा
















बीकानेर। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बीकानेर में एक किलोमीटर लंबा प्रतीकात्मक तिरंगा लहराया गया। इस दौरान बीकानेर के गोकुल सर्किल से विवेक बाल निकेतन स्कूल तक तिरंगा लहराया तो हर कोई राष्ट्रभक्ति के रंग से पूर्ण रूप से लबरेज था। जब राष्ट्रगान शुरू हुआ तो एक किलोमीटर के क्षेत्र में हर कोई “जन-गण-मन” में लीन था और तब किसी प्रकार ध्वनि प्रदूषण -वाहनों की आवाज नदारद थी।
पिछले साल यह यात्रा बीकानेर के कोटगेट से तेलीवाड़ा चौक के बीच हुई थी । इस बार भी हजारों की संख्या में स्कूल स्टूडेंट्स और आम लोग गोकुल सर्किल पर पहुंचे। एक स्टेंड पर लिपटा तिरंगा जैसे-जैसे गोकुल सर्किल से विवेक बाल निकेतन स्कूल की ओर बढ़ रहा था, वैसे वैसे लोगों में जोश भी बढ़ता जा रहा था। स्कूल स्टूडेंट्स को पहले ही सड़क के दोनों और खड़ा कर दिया गया था। जैसे-जैसे ये तिरंगा आगे आया, वैसे-वैसे स्टूडेंट्स इसे पकड़ते रहे। स्टूडेंट्स के अलावा कई आम लोग भी इस कतार में खड़े थे। एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क पूरी तरह से भरी हुई थी। कार्यक्रम किसी पार्टी या संगठन विशेष के बजाय आम आदमी का प्रतीत हो रहा था। मौके पर प्रशासन ने भी पुख्ता व्यवस्था की। पुलिस ने दोनों तरफ से रास्ता बंद कर दिया।
कर्मवान फाउंडेशन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि एम एस बिट्टा(, अध्यक्ष एंटी टेरिस्ट फ्रंट ) थे। इसके अलावा जुगल किशोर ओझा(पुजारी बाबा ), जुगल राठी (अध्यक्ष, व्यापार मंडल ) विजय आचार्य (पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ), युवा भाजपा नेता भगवान सिंह मेड़तिया,अभिमन्यु सिंह राजवी,भैरव उपासक पंडित योगेश किराडू, मनोज बजाज आदि जन इस आयोजन के साक्षी रहें।
कर्मवान फाउंडेशन के सचिव संतोष पुरोहित ने बताया कि पिछले चार सालों से यह कार्यक्रम तिरंगा यात्रा से प्रेरित होकर बीकानेर में आयोजित हो रही है। इस यात्रा का उद्देश्य युवान पीढ़ी को यह संदेश प्रेषित करना है कि तिरंगे को स्वछंद हवा में लहराने के लिए लाखों भारतीयों नें अपने प्राणों की आहुति दी है।


