
सियासी संकट पर गहलोत बोले- डोटासरा उसी की देन हैं, गहलोत के इस बयान से छिड़ी सियासी चर्चा







खुलासा न्यूज नेटवर्क। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को सचिन पायलट खेमे की बगावत से बने सियासी संकट की देन बताकर नई सियासी चर्चाएं छेड़ दी हैं। गहलोत ने कहा कि तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में पूरे करना बड़ी बात है। तीसरी बार तो मालूम है आपको…सरकार बच गई, वह एक चमत्कार है। यह तो हाईकमान का आशीर्वाद और आपकी दुआएं थीं, इसलिए 5 साल पूरे कर लिए वरना पांच साल पूरे करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। डोटासरा भी उसी की देन है। दरअसल, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर हुई विचार गोष्ठी में पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें सियासी संकट को लेकर बयान दिया।
तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में पूरे करना बड़ी बात
गहलोत ने कहा कि जितना मुझे मिला हिंदुस्तान में पार्टी में कोई एक दो नेता ही मुश्किल से होंगे। तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में पूरे करना बड़ी बात है। जब देश में नंबर एक और नंबर दो यह तय कर ले कि सरकार गिरानी है, नंबर एक और नंबर दो आप समझते हैं। जब वो तय कर ले सरकार गिराने का तो मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र में सरकारें गिर गईं। महाराष्ट्र में 50 विधायक शिवसेना में चले गए।
जानें गहलोत ने किस और इशारा किया
दरअसल, गहलोत ने जुलाई 2020 में सचिन पायलट खेमे की बगावत के बाद पैदा हुए सियासी संकट की तरफ इशारा किया। उस वक्त सचिन पायलट को प्रदेशाध्यक्ष और डिप्टी सीएम पद से बर्खास्त करने के साथ उनके समर्थक दो मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया था। पायलट की जगह गोविंद सिंह डोटासरा को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाया था। कार्यक्रम में गहलोत ने डोटासरा को उसी घटना की देन बताकर सियासी हलकों में अटकलों का दौर शुरू कर दिया है। सियासी जानकार इसे डोटासरा को मैसेज के तौर पर देख रहे हैं, जिसमें गहलोत ने यह जताया है कि सियासी संकट की वजह से ही डोटासरा अध्यक्ष बने थे।
जिसने साथ दिया, उन्हें जिम्मेदारियां मिली
गहलोत ने कहा कि जिन्होंने इंदिरा गांधी का साथ दिया, उन नेताओं को उस वक्त जिम्मेदारियां मिलीं। 40 साल से वही लोग पदों पर हैं। हमारी भी एक सीमा है, नई पीढ़ी आनी चाहिए, बदलाव होना चाहिए। जो संभव है वह हम कर रहे हैं।
हम जादूगर हैं, हम तो केवल ट्रिक करते हैं, लोग कहते हैं जादू हो गया
गहलोत ने कहा कि आप सबने एआई के बारे में सुना होगा। एआई चमत्कार है। हम जादू की बात करते हैं, हम जादूगर हैं। हम तो केवल ट्रिक करते हैं, लोग कहते हैं जादू हो गया। लोगों को विश्वास हो जाता है कि जादू है, ट्रिक हो ही नहीं सकती। जादूगर जो कलाकार होता है, इतनी शानदार ट्रिक होती है लोगों को यह लगती है कि वास्तविक है। एआई जादू है। यह वास्तव में चमत्कार है। मैं इसे बहुत यूज करता है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी एआई को यूज करें।


