
बडी खबर: अर्जुनराम मेघवाल बोले- 2034 में लोकसभा-विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे







बडी खबर: अर्जुनराम मेघवाल बोले- 2034 में लोकसभा-विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे:पूर्व राष्ट्रपति की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने पंचायत और नगर निकाय के चुनाव एक साथ कराने का जिक्र किया
जयपुर। जयपुर में एक देश एक चुनाव के सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि एक देश एक चुनाव को लेकर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में बनी हाई लेवल कमेटी ने तो देश में पंचायत और नगर निकाय के चुनावों को भी एक साथ कराने का जिक्र किया है। हम पहले फेज में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव को एक साथ कराने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा- साल 2034 में देश में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव एक साथ होंगे। अर्जुन राम मेघवाल आज चेंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित एक देश एक चुनाव अभियान के तहत हो रहे व्यापारियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन बीजेपी द्वारा गठित प्रदेश स्तरीय समिति की ओर से आयोजित करवाया गया।
एक देश एक चुनाव का कॉन्सेप्ट नया नहीं
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश में एक राष्ट्र एक चुनाव का कॉन्सेप्ट नया नहीं है। देश में पहले भी एक साथ लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में चुनाव हो चुके हैं। आजादी के बाद 1952, 1962 और 1967 के चुनाव एक साथ हुए थे। उसके बाद कई कारणों से बीच मे यह क्रम टूट गया।
जब हम यह बिल लेकर लोकसभा में आए तो कांग्रेस ने कहा कि यह संघीय ढांचे पर प्रहार है। मैं पूछना चाहता हूं कि जब देश में एक साथ चुनाव हुए थे। तब क्या संघीय ढांचे पर प्रहार नहीं हुआ था। वन नेशन वन इलेक्शन देश की आर्थिक उन्नति के लिए बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा- इसके बाद 1983 में इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की पहली रिपोर्ट आई थी। उसमें भी कहा गया था कि देश में एक साथ चुनाव होने चाहिए 1983 में तो हमारी सरकार नहीं थी। लेकिन यह एक इलेक्शन रिफॉर्म है, जिस देश में लागू होना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके बाद कई रिपोर्ट आई। इसमें कहा गया कि देश में चुनाव एक साथ ही होने चाहिए।
मुस्लिम देशों में भी हो रहे एक साथ चुनाव
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भारत में नहीं, विश्व के कई ऐसे देश है, जहां पर संघीय ढांचा है। वहां पर एक साथ चुनाव होते हैं। इन देशों में दक्षिण अफ्रीका, सूडान, बेल्जियम जर्मनी, फिलीपींस शामिल है। इसके अलावा मुस्लिम राष्ट्र इंडोनेशिया में भी एक साथ चुनाव का कॉन्सेप्ट लागू है।


