
मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शुरू, पीएम मोदी-राजनाथ पहुंचेंगे







नई दिल्ली: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह निगमबोध घाट पहुंच चुकी है, जहां 11:35 बजे उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
डॉ. सिंह की पार्थिव देह को उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय ले जाया गया था, जहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने भी नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने डॉ. सिंह के अंतिम दर्शन किए।
कांग्रेस ने जताई नाराजगी
डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनाने के लिए अभी तक जमीन तय नहीं कर पाई है। इसे देश के पहले सिख प्रधानमंत्री का अपमान बताते हुए उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील मुद्दा है और सरकार को इस पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया था कि डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार की जगह को उनके स्मारक के लिए चिन्हित किया जाए। गृह मंत्रालय ने बताया है कि स्मारक के लिए सही स्थान तय करने में कुछ समय लग सकता है।
लंबे समय से बीमार थे डॉ. सिंह
डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। 92 वर्षीय डॉ. सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बेहोशी की हालत में उन्हें रात 8:06 बजे अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों के अनुसार, रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
देशभर में शोक
डॉ. सिंह के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार किए और देश को नई दिशा दी। उनकी नीतियों और शालीन व्यक्तित्व के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे।
आज का दिन उनके प्रशंसकों और देशवासियों के लिए बेहद भावुक है। उनकी स्मृति हमेशा देश की सेवा और विकास में उनके योगदान के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

