
महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने को लेकर फंसा पेच!, शिवसेना ने सीएम के बदले मांगे अहम मंत्रालय, भाजपा देने को तैयार नहीं, टली बैठक






खुलासा न्यूज, नेटवर्क। महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने को लेकर पेच फंस गया है। जानकारी के मुताबिक, शिवसेना मुख्यमंत्री पद के बदले गृह और वित्त मंत्रालय मांग रही है। लेकिन बीजेपी को ये मंजूर नहीं है। इसलिए मुंबई में शुक्रवार को होने वाली महायुति (भाजपा+शिवसेना शिंदे गुट+एनसीपी अजित पवार) की अहम बैठक टाल दी गई। जानकरी के मुताबिक कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अचानक सातारा चले गए हैं। अब महायुति की बैठक एक दिसंबर रविवार को होने के आसार हैं। रविवार सुबह तक भाजपा के दो पर्यवेक्षक दिल्ली से मुंबई आएंगे। इनकी मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की मीटिंग होगी। इसमें दो ऑब्जर्वर्स की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। भाजपा मराठा चेहरे पर भी विचार कर सकती है। जानकारी के मुताबिक, उसके बाद पांच दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
शिंदे के अचानक गांव जाने से बढ़ी चर्चा
जानकारी के मुताबिक, शिंदे पोर्टफोलियो बंटवारे की लिस्ट अमित शाह को सौंप चुके हैं। अब शिंदे भाजपा को फैसला लेने के लिए वक्त देना चाहते हैं इसीलिए वे गांव रवाना हुए हैं। उधर, शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा कि अगर एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम का पद स्वीकार नहीं करते हैं तो पार्टी से ही दूसरा चेहरा ये पद संभालेगा। मुझे नहीं लगता कि वे डिप्टी सीएम का पद स्वीकार करेंगे।
एक दिन पहले तीनों मिले शाह से
एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने गुरुवार की रात दिल्ली में करीब ढाई घंटे तक गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मीटिंग की। शिंदे ने आधे घंटे तक शाह से अकेले मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक हाईकमान ने शिंदे को डिप्टी सीएम या केंद्र में मंत्री पद का ऑफर किया है। शिंदे केंद्रीय मंत्री बनने का मन बनाते हैं तो उनके गुट से किसी अन्य नेता को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।
मराठा नेताओं पर भी विचार कर रही भाजपा
माना जा रहा है कि सीएम चुनने में जातीय गणित की बड़ी भूमिका हो सकती है, क्योंकि 288 सीटों की विधानसभा में मराठा समुदाय के विधायक बड़ी संख्या में हैं। देवेंद्र फडणवीस ब्राह्मण हैं। ऐसे में भाजपा नेतृत्व सीएम के लिए कुछ मराठा नेताओं पर भी विचार कर रहा है। हालांकि, जानकारों की मानें तो आरएसएस ने दबाव बढ़ाया तो फडणवीस के सीएम बनने की संभावना ज्यादा है।


