
यूक्रेन जंग के बाद पुतिन पहली बार भारत आएंगे, रूस बोला- तारीख जल्द तय करेंगे






खुलासा न्यूज नेटवर्क। रूस-यूक्रेन जंग के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार भारत की यात्रा करेंगे। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि वे जल्द ही पुतिन के दौरे की तारीखों का ऐलान करेंगे। हमने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिमित्री ने कहा कि PM मोदी की रूस की दो यात्राओं के बाद अब राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा हो रही है, इसलिए हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पुतिन अगले साल रूस-भारत वार्षिक समिट के मौके पर आ सकते हैं। PM मोदी ने इस साल दो बार रूस की यात्रा की है। वे BRICS समिट के लिए 22 अक्टूबर को रूस गए थे। इससे पहले जुलाई में भी मोदी ने दो दिन का रूस दौरा किया था। तब उन्होंने पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था।इससे पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने 06 दिसंबर 2021 में भारत की यात्रा की थी। वह सिर्फ 4 घंटे के लिए भारत आए थे। इस दौरान भारत और रूस के बीच 28 समझौते पर दस्तखत हुए थे। इसमें मिलिट्री और तकनीकी समझौते थे। दोनों देशों ने 2025 तक 30 अरब डॉलर (2 लाख 53 हजार करोड़ रुपए) सालाना ट्रेड का टार्गेट रखा था।


