
मर्डर केस में पांच साल से फरार 20 हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार






खुलासा न्यूज नेटवर्क। चूरू राजगढ़ के चर्चित सुरेंद्र जडिय़ा मर्डर केस में पांच साल से फरार चल रहा 20 हजार रूपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शातिर बदमाश मर्डर के बाद से ही हर बार जगह बदल कर फरारी काट रहा था। राजगढ थानाधिकारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा के अनुसार नौ मई 2019 को राजगढ में जडिय़ा ट्रांसर्पोटर के मालिक सुरेंद्र उर्फ ढिल्लु की आपसी रंजिश के चलते संपत नेहरा गैंग के शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मर्डर के मामले में पुलिस ने संपत नेहरा सहित अन्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया था। मगर नामजद आरोपी हरियाणा के नांधा निवासी नवीन पांच साल से फरार चल रहा था।
झाझडिय़ा के अनुसार राजगढ में बालाजी ट्रांसपोर्ट व जडिय़ा ट्रांसपोर्ट संचालकों के बीच व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण दोनों का विवाद बढऩे लगा। बालाजी ट्रांसपोर्ट के मालिक करतार सिंह पूनिया की हत्या कर दी गई। जिसके बाद दोनों ट्रांसपोर्ट ग्रुप में रंजिश बढ़ गई गयी। बालाजी ट्रांसपोर्ट संचालकों के द्वारा संपत नेहरा के साथ मिलकर सुरेंद्र उर्फ ढिलीया का मर्डर किया गया था। पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी नवीन हरियाणा मजबूर होकर अपना ठिकाना छोड़ रहा है। इस पर तुरन्त राजगढ़ एएसपी किशोरीलाल व आईपीएस निश्चय प्रसाद एम के सुपरविजन व थानाधिकारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने राजगढ में हर जगह कड़ी नाकाबंदी करवाई।
गठित टीम द्वारा लगातार पीछा करने पर आरोपी अपना हर ठिकाना छोडऩे पर मजबूर हो गया। आरोपी नवीन हरियाणा से बीकानेर जाने की फिराक में था। जिसको पुलिस ने बहल रोड पर नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इनामी बदमाश नवीन हरियाणा की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल नवीन कुमार की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में हैड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, कॉन्स्टेबल नवीन कुमार, मुकेश कुमार, संदीप कुमार व जितेंद्र कुमार शामिल थे।


