Gold Silver

तेजाजी मेले में 13 को आएंगे उपराष्ट्रपति धनखड़

तेजाजी मेले में 13 को आएंगे उपराष्ट्रपति धनखड़

खुलासा न्यूज़। लोकदेवता तेजाजी महाराज के निर्वाण दिवस पर जन्मस्थली खरनाल में विशाल मेला भरेगा। 13 सितंबर को होने वाले आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके लिए मंदिर कमेटी और पुलिस-प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मेले में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी पहुंचेंगे।

जिला‌ कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया- उपराष्ट्रपति करीब डेढ़ घंटे तक तेजाजी महाराज की जन्मस्थली खरनाल में रुकेंगे और इसके बाद निर्वाणस्थली सुरसुरा जाएंगे। उपराष्ट्रपति धनखड़ का दौरा फाइनल होते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है और तैयारियां शुरु कर दी हैं। कलेक्टर ने बताया कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 13 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर वायुसेना के विशेष हैलिकॉप्टर से खरनाल हैलीपेड पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति की पत्नी सुदेश धनखड़ भी उनके साथ रहेंगी। खरनाल हैलीपेड पर उनका स्वागत किया जाएगा व गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से खरनाल स्थित तेजाजी मंदिर जाएंगे। उपराष्ट्रपति के काफिले का 1 बजकर 20 मिनट पर‌ तेजाजी मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम है। उपराष्ट्रपति व उनकी पत्नी का तेजाजी महाराज की मूर्ति के दर्शन और मंदिर में रुकने का 1 घंटे का कार्यक्रम है। इसके बाद वे मंदिर से रवाना होकर खरनाल हैलीपेड पहुंचेंगे। हैलीपेड पर नागौर प्रशासन की ओर से फेयरवेल होगा। इसके बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर वायुसेना के विशेष हैलिकॉप्टर से तेजाजी महाराज की निर्वाणस्थली सुरसुरा के लिए उड़ान भरेंगे। गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति धनखड़ दूसरी बार खरनाल आ रहे हैं।

इधर प्रशासन ने उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियां शुरु कर दी हैं। एडीएम चंपालाल जीनगर ने बताया कि उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर विभागवार तैयारियां की जा रही हैं। हैलीपेड को तैयार करवाया जा रहा है। बिजली, पानी, सड़क और चिकित्सा के विभाग के अधिकारियों को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। जिला‌ पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि उपराष्ट्रपति दौरे को लेकर जानकारी आते ही व्यवस्था शुरु कर दी है। पुलिस के अधिकारियों और जवानों की तैनाती आज शाम से ही शुरु कर दी जाएगी। खरनाल जाकर रुट लाइनिंग, हैलीपेड और मंदिर की स्थितियों का जायजा लेकर पुलिस व्यवस्था की जा रही है।

 

Join Whatsapp 26