
रेत के धोरों में फिर गरजेगी तोपें, भारत और अमेरिका के बीच सबसे बड़ा संयुक्त युद्धाभ्यास आज से






रेत के धोरों में फिर गरजेगी तोपें, भारत और अमेरिका के बीच सबसे बड़ा संयुक्त युद्धाभ्यास आज से
बीकानेर। महाजन फायरिंग रेंज में भारत और अमेरिका के बीच अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त युद्धाभ्यास सोमवार से शुरू हो रहा है। रेंज में पहली बार अमेरिका का हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम यहां तैनात किया जाएगा, जिसकी मारक क्षमता करीब 310 किमी है। यूक्रेन युद्ध के दौरान इसी सिस्टम से रूसी गोला-बारूद ढेर किए गए थे। महाजन फायरिंग रेंज सोमवार से 15 दिन के लिए युद्ध का मैदान बनेगा। पहली बार भारत-अमेरिका के कुल 1200 सैनिक दुश्मन को घेर कर मारने सहित कई रणनीतियों पर संयुक्त अभ्यास करेंगे। सोमवार को परेड समारोह के साथ युद्धाभ्यास का आगाज हो रहा है। अभ्यास के दौरान एयरबोर्न और हेलीबोर्न ऑपरेशन को अंजाम दिया जाएगा।
गांव में छिपे आतंकियों को खोजकर मारने के अलावा ड्रोन हमलों से बचाव का भी अभ्यास किया जाएगा। ऐसा 20वीं बार हो रहा है, जब दोनों देशों की सेनाएं एक साथ मिलकर हथियारों को चलाने की ट्रेनिंग ले रहे हैं। इससे पहले 19 बार भारत-अमेरिका साथ में अभ्यास कर चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ के आदेश के बाद दोनों देशों ने साथ में अभ्यास शुरू किया था। भारत के साउथ वेस्टर्न कमांड के छह सौ जवान और अधिकारी युद्धाभ्यास में हिस्सा लेने के लिए बीकानेर के महाजन पहुंच गए हैं। इसके बाद अमेरिकी सेना के जवान भी यहां आ गए। शनिवार की रात इन जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।


