
जयपुर नगर निगम कमिश्नर ने जनता से मांगे सुझाव, क्या बीकानेर निगम प्रशासन भी यह फॉर्मूला अपनाएगा?







खुलासा न्यूज, बीकानेर। स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले जयपुर को जगमग करने के लिए नगर निगम हेरिटेज द्वारा अब आम जनता से सुझाव मांगे जा रहे हैं। शनिवार को जयपुर नगर निगम के सहयोग से यूथ फेस्टिवल का आयोजन किया गया था। जयपुर के सोफिया गर्ल्स स्कूल में आयोजित फेस्टिवल में अलग-अलग 50 ज्यादा एनजीओ के प्रतिनिधियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान जयपुर के विकास और विरासत पर चिंतन और मंथन किया गया। फेस्टिवल में पहुंचे जयपुर नगर निगम के कमिश्नर अभिषेक सुराणा ने कहा- जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सब का पहला लक्ष्य है। इस लक्ष्य को लेकर सरकार के अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि लगातार काम ही कर रहे हैं। लेकिन इसमें आम जनता की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि जो लोग सरकार में है या अधिकारी है, सिर्फ वही लोग समझदार हैं। बल्कि, आम जनता और युवा भी बेहद समझदार है। ऐसे में आप सभी के आइडिया जयपुर को और बेहतर बनाने में अपना अहम रोल निभा सकते हैं। इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा आइडिया दे और न सिर्फ नगर निगम हेरिटेज बल्कि, स्मार्ट सिटी, नगर निगम ग्रेटर और जयपुर विकास प्राधिकरण तक भी अपने सुझाव पहुंचाएं। क्यों कि आपके खूबसूरत जयपुर शहर को और ज्यादा बेहतर बनाने में आप सभी के सुझाव सबसे ज्यादा जरूरी है।
बीकानेर नगर निगम भी अपनाएगी यह फॉर्मूला?
जयपुर नगर निगम की तरह क्या बीकानेर नगर निगम भी इस फॉर्मूले पर काम करेगी? क्योंकि निगम का हर अधिकारी प्रत्येक वार्ड व गली, मौहल्ले में नहीं जा सकता है, ऐसे में अगर जयपुर निगम कमिशनर की तरह बीकानेर नगर निगम जनता से सुझाव मांगे तो शायद काफी हद तक शहर की समस्या जानने व उनका निवारण करने में प्रशासन को काफी हद तक आसानी हो जाएगी। लेकिन यहां जमे बैठे अधिकारियों की इसके लिए इच्छा शक्ति को जागृत करना होगा। जिसमें यहां की महापौर को सबसे आगे आकर इस पहल की शुरूआत करनी चाहिए।


