
दुबई में इसके साथ था अमरजीत, भारत लाने के लिए लगेगा इतने दिन का समय







दुबई में इसके साथ था अमरजीत, भारत लाने के लिए लगेगा इतने दिन का समय
जयपुर। राजू ठेहट मर्डर का मास्टरमाइंड अमरजीत बिश्नोई इटली भागने से पहले दुबई में आनंदपाल की बेटी चीनू के पास ही ठहरा था। वहीं, रोहित गोदारा के साथ उसने पूरे हत्याकांड को लीड किया था। वहां 8-9 महीने रुकने के बाद अक्टूबर 2023 में इटली भागा था। रेड कॉर्नर नोटिस के बाद इटली पुलिस ने उसे ड्रग माफिया के गढ़ सिसली के तरपानी इलाके से गिरफ्तार किया था। अब राजस्थान पुलिस को अमरजीत बिश्नोई को भारत लाने के लिए इटली की कोर्ट में एजी के जरिए अपना पक्ष रखना होगा। 40 दिन में अमरजीत बिश्नोई का क्राइम रिकॉर्ड वहां की कोर्ट में पेश करना होगा। सुनवाई पूरी होने के बाद इटली से अमरजीत को भारत लाया जाएगा। अक्टूबर 2023 से अमरजीत बिश्नोई इटली के सिसली में रह रहा था। वो भारत से भागने के बाद दुबई पहुंचा। राजू ठेहट मर्डर के कई महीनों तक वहीं था। पुलिस को उसके ठिकाने का पता चल चुका था। पकड़े जाने के डर से साइप्रस होते हुए इटली पहुंच गया। इटली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंटरपोल के जरिए एक भारतीय अपराधी के होने की सूचना इटली पुलिस को मिल चुकी थी। अमरजीत की फोटो के साथ रेड कॉर्नर नोटिस की कॉपी मिलते ही इटली पुलिस ने तरपानी में पहुंच कर फ्लैट को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस के फ्लैट पर पहुंचने पर अमरजीत ने खुद ही दरवाजा खोला। पुलिस को अचानक देखकर अमरजीत घबरा गया। पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली तो उन्हें वहां से कुछ नहीं मिला। अगर फ्लैट से हथियार व नशे की खेप इत्यादि मिलती तो वे उसे इटली के कानून के हिसाब से आरोपी मानकर गिरफ्तार कर लेते। वह बिना नागरिकता के गुपचुप तरीके से अपने दोस्त के साथ इटली में रह रहा था। इटली पुलिस ने अमरजीत बिश्नोई से भारत में क्राइम के बारे में पूछताछ कर सूचना पुख्ता की। इटली पुलिस अब अमरजीत को इटली के कोर्ट में पेश करेगी। कोर्ट में सुनवाई चलेगी। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के एडिशनल एसपी विद्या प्रकाश ने बताया कि 40 दिनों के अंदर ही पुलिस को इटली की कोर्ट में अमरजीत के खिलाफ रिकॉर्ड पेश करना होगा। वहां की कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद ही उसे भारत भेजने की अनुमति दी जाएगी। अनुमति मिलने के बाद उसे राजस्थान पुलिस लेकर आएगी। उसे भारत में लाने में एक महीने से भी ज्यादा का समय लग सकता है। चूंकि इटली में उसने कोई अपराध नहीं किया है। अवैध तरीके से रहने वालों के खिलाफ कोई मुकदमा नहीं चलता, उन्हें केवल डिपोर्ट (मूल देश भेजने की प्रक्रिया) किया जाता है। राजू ठेहट का मर्डर 3 दिसंबर 2022 को हुआ था। लेकिन जानकारी में सामने आया कि अमरजीत हत्याकांड से 2 महीने पहले ही दुबई भाग गया था। रोहित गोदारा के कहने पर अमरजीत राजू ठेहट मर्डर की पूरी प्लानिंग कर चुका था। शूटरों को हथियार, पैसे, फर्जी सिम, रेकी के लिए बाइक, भागने के लिए कार की पूरी व्यवस्था जुलाई में ही कर दी थी। दुबई में वह आनंदपाल की बेटी के घर में रुका। आनंदपाल की बेटी चीनू, उसका पार्टनर ईश्वर कुमावत, बलबीर बानूड़ा का बड़ा बेटा सुभाष बानूड़ा, सुभाष बराल, रोहित गोदारा, वीरेंद्र चारण के साथ मिलकर पूरी प्लानिंग की। लोकल लेवल पर मनीष जाट को कमांड देकर शूटर्स से हत्याकांड को अंजाम दिया।


