
शिवसिंह ने महिपाल से माफी मांगी: मारपीट के बाद अब दोनों ने वीडियो जारी कर कहा- कोई झगड़ा नहीं






शिवसिंह ने महिपाल से माफी मांगी: मारपीट के बाद अब दोनों ने वीडियो जारी कर कहा- कोई झगड़ा नहीं
जयपुर। राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत और श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के बीच मारपीट व फायरिंग मामले में सुलह हो गई है। दोनों पक्षों ने राजीनामा कर लिया है। दोनों ने देर रात अलग-अलग वीडियो बनाकर कहा- अब कोई झगड़ा नहीं है। परिवार का मसला है। आपस में सुलझा लिया है। शिव सिंह ने महिपाल सिंह से घटना को लेकर माफी भी मांग ली है।
महिपाल सिंह ने वीडियो जारी कर कहा- शुक्रवार को जो घटना हुई। उसमें समाज के सभी बड़े लोग एक साथ बैठे। यहां तय किया कि समाज का युवा आपस में लड़ेगा या वैर रखेगा तो समाज की ताकत कमजोर होगी। सभी लोगों की समझाइश के बाद मैं पूरे समाज के युवाओं से बोलना चाह रहा हूं कि वरिष्ठ यह चाहते हैं कि आपस में लड़ें नहीं। मैं महिपाल सिंह बोल रहा हूं। मेरा शिव सिंह से कोई झगड़ा नहीं है। हमारा आपस में जो भी मतभेद था, वह खत्म हो गया है। फ्यूचर में भी कोई मतभेद नहीं रहेगा।
शिव सिंह शेखावत ने कहा- जो घटना हुई, आपसी गलतफहमी की वजह से हुई थी। यह हमारे परिवार का मसला है। हम लोगों ने मिल बैठकर आपस में सुलझा लिया है। अब हमारे बीच में कोई मनमुटाव नहीं है। जो हुआ, उसके लिए मैं महिपाल सिंह से क्षमा प्रार्थी हूं।
12 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे शिव सिंह शेखावत और महिपाल सिंह मकराना के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान फायरिंग और मारपीट भी हुई। गोली से किसी को चोट नहीं लगी थी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग करने के आरोप लगाए थे।
पुलिस ने मामले में 13 जुलाई को शिव सिंह शेखावत समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें 6 आरोपी शिव सिंह के पक्ष से और दो आरोपी महिपाल मकराना के पक्ष के हैं। इनमें दिग्गज सिंह, शिव सिंह, महादेव सिंह, रामसिंह शेखावत, युवराज सिंह राठौड़, सुरजीत सिंह, राजवीर सिंह और गजराज सिंह को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया था। इनमें सुरजीत सिंह और राजवीर सिंह महिपाल मकराना के पक्ष में थे। सभी आठ लोगों को देर रात 10:30 बजे छोड़ दिया गया।
डीसीपी (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- शिव सिंह के गनमैन ने महिपाल सिंह मकराना के सिर पर बंदूक की बट मार दी थी। उनका एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। चित्रकूट थाने में दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। चित्रकूट निवासी शिव सिंह ने रिपोर्ट दी। वहीं, दूसरे पक्ष महिपाल मकराना की तरफ से फागी निवासी भूपेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दी थी।
करणी सेना के 8 से ज्यादा संगठन
देशभर में करणी सेना के 8 से ज्यादा संगठन हैं। लोगों में सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन संगठन को लेकर होता है कि कौन-सा संगठन किसका है और कौन उसका अध्यक्ष है। करीब 18 साल पहले यानी 23 दिसंबर 2006 को लोकेंद्र सिंह कालवी ने श्री राजपूत करणी सेना नाम से संगठन की शुरुआत की थी। बीकानेर जिले में स्थित देशनोक कस्बे के करणी माता मंदिर के नाम पर ‘श्री राजपूत करणी सेना’ संगठन का नाम रखा गया था।


