
गोली मार कर दो चिंकारा का किया शिकार, लोगों का फूटा गुस्सा, डीप फ्रीजर में हिरणों का शव रखकर सड़क को किया जाम






गोली मार कर दो चिंकारा का किया शिकार, लोगों का फूटा गुस्सा, डीप फ्रीजर में हिरणों का शव रखकर सड़क को किया जाम
खुलासा न्यूज़। राजस्थान में 1998 में ‘हम साथ-साथ हैं’ फिल्म की शूटिंग के दौरान शिकार के बाद चिंकारा हिरण चर्चा में आया था। अब एक बार फिर चिंकारा के शिकार का मामला सामने आया है। अनूपगढ़ जिले के रायसिंहनगर इलाके में 2 चिंकारा का शिकार किया गया है। गांव डाबला के पास चक 2 एलसी की रोही में चिंकारा के शव मिले। इससे लोगों में गुस्सा फैल गया। आक्रोशित लोगों ने चिंकारा के शव डीप फ्रिजर में सड़क पर ही रखकर रास्ता जाम कर दिया। गांव डाबला के पास 2 चिंकारा के मृत मिलने के मामले में ग्रामीणों का रोष अब भी जारी है। गुस्साए लोगों ने जैतसर-पदमपुर रोड जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। चिंकारा के शरीर पर गोली के निशान मिले है। ग्रामीणों का कहना है कि हिरणों को इस तरह मारा जाना उचित नहीं है। यहां चिंकारा के शिकार के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार को ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। जैतसर-पदमपुर मेन रोड बंद होने पर ग्रामीण गांव 7 एलसी और अन्य रास्तों से आगे तक जा रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने इन रास्तों पर भी अवरोधक लगा दिए हैं। ऐसे में रास्ते पूरी तरह जाम हो गए हैं। ग्रामीणों ने हिरणों के शव सड़क पर डीप फ्रीजर में रखे हुए हैं। उनका कहना है इस मामले में प्रशासन आरोपियों को गिरफ्तार करे। इसके बाद ही सड़क जाम समाप्त किया जाएगा और हिरणों के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। धरना स्थल पर गांव डाबला, मसानीवाला, मुकलावा, जैतसर आदि इलाकों के लोग एकत्र हुए। इन लोगों ने गुरुवार को पूरी रात सड़क पर जाम लगाए रखा। इस दौरान प्रशासन से हुई वार्ता भी बेनतीजा भी रही। वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उपवन सरंक्षक दिलीप सिंह राठौड़ का कहना है कि ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मामले में 3 लोगों को राउंडअप कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। रेंजर को भी वहां से हटा दिया गया है। ग्रामीण अब रेंजर को सस्पेंड करने की मांग पर अड़ कर धरना लगाए हुए हैं। गांव दो एलसी की रोही में मृत हिरण एक किसान के खेत में पड़े थे। गुरुवार सुबह किसान को जब यह हिरण नजर आए तो उसने अपने आसपास के इलाके के लोगों को उसकी जानकारी दी। धीरे-धीरे पूरे इलाके में हिरण का शिकार होने की बात फैल गई। आसपास के गांव के लोग गांव दो एलसी की रोही में एकत्र हो गए। यह लोग विरोध जताते हुए जैतसर-पदमपुर मार्ग पर पहुंच गए। यहां इन लोगों ने जाम लगा दिया। गुरूवार रात को भी यह लोग सड़क रोके हुए बैठे थे। जाम शुक्रवार दोपहर तक जारी था।


