
बीकानेर: 25 मिनट के अंतराल में बाइक सवार लुटेरों ने दो महिलाओं से लूटे मोबाइल






बीकानेर: 25 मिनट के अंतराल में बाइक सवार लुटेरों ने दो महिलाओं से लूटे मोबाइल
बीकानेर। सदर थाना इलाके में बुधवार को 25 मिनट के अंतराल में बाइक सवार लुटेरों ने दो महिलाओं से मोबाइल लूटने की वारदात को अंजाम दे दिया। वारदात के विरोध में स्थानीय लोगों ने पुलिस के प्रति आक्रोश प्रगट किया। शहर की बिगड़ रही कानून व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। पार्षद महेन्द्र बड़गुजर के नेतृत्व में लोगों ने कीर्ति स्तंभ पर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार गांधी कॉलोनी निवासी युवती शाम करीब 6 बजे कीर्तिस्तंभ के पास लाइब्रेरी में पढ़ने जा रही थी। एमएन हॉस्पिटल से कीर्तिस्तंभ के बीच उसने मोबाइल में टाइम देखा तभी पीछे से बाइक पर आए लुटेरों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर लोग दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक लुटेरे बाइक पर फरार हो चुके थे। वारदात की पुलिस को सूचना दी गई। वह मौके पर पहुंची इसी दौरान करीब साढ़े छह बजे कीर्ति स्तंभ और नगर निगम के बीच लुटेरों ने एक और महिला से मोबाइल लूट लिया। श्रीरामसर निवासी महिला मंदिर से घर जा रही थी। वारदात के बाद वह इतनी घबरा गई कि उसकी तबीयत बिगड़ गई। लोगों ने उसे संभाला और पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। पार्षद महेन्द्र बड़गुजर के नेतृत्व में लोगों ने इन वारदातों से आक्रोशित होकर नगर निगम के सामने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। पार्षद बड़गुजर ने कहा कि कीर्तिस्तंभ क्षेत्र में 15-20 दिनों से लगातार लूट की वारदातें हो रही है। पुलिस रोकने का कोई भी प्रयास नहीं कर रही। यहां तक की पीड़ितों की रिपोर्ट तक थाने में दर्ज नहीं कर रहे। करीब आधे घंटे की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे।


