
कांग्रेस को बड़ा झटकाः पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित 15 दिग्गज नेता भाजपा में







कांग्रेस को बड़ा झटकाः पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित 15 दिग्गज नेता भाजपा में
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले एक बार फिर कांग्रेस को बड़े झटके लगे हैं। कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ ही कांग्रेस नेता अतुल शर्मा , धार के पूर्व कांग्रेस सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल सहित 15 कांग्रेस नेता भी भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम मोहन यादव, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय ने सभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई। मध्यप्रदेश में शनिवार को कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा धक्का लगा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी करीब 15 दिग्गज नेता भाजपा में शामिल हो गए। धार के पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, इंदौर के विधायक रहे संजय शुक्ला, विशाल पटेल और अतुल शर्मा शामिल हैं। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले हुए इस घटनाक्रम को काफी अहम माना जा रहा है। इस कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेता भगवानदास सबनानी ने कहा कि छिंदवाड़ा से भी कोई अच्छी खबर आ सकती है। उन्होंने इशारा किया कि छिंदवाड़ा से भी कुछ कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सदस्यता दिलाते समय एमपी के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि यह सब लोग अच्छे लोग थे, जिनका सम्मान कांग्रेस में नहीं हो रहा था। कांग्रेस लगातार अपनी यात्रा के दौरान भी अपने स्थापित नेताओं की उपेक्षा कर रही है। यादव ने कहा कि इस लोकतंत्र में सबको साथ लेकर चलने की हमारी परंपरा है। राहुल गांधी आगे-आगे जा रहे हैं और पीछे-पीछे कांग्रेस साफ होती जा रही है। राहुल गांधीजी से निवेदन करूंगा कि वे और यात्रा निकालें तो हम उनका स्वागत करेंगे।


