नामजद आरोपियों को सस्पेंड करने पर अड़े वकील, बार संघ अध्यक्ष से मारपीट मामले में एडवोकेट्स की पेनडाउन हड़ताल

नामजद आरोपियों को सस्पेंड करने पर अड़े वकील, बार संघ अध्यक्ष से मारपीट मामले में एडवोकेट्स की पेनडाउन हड़ताल

खुलासा न्यूज नेटवर्क। श्रीगंगानगर बार संघ अध्यक्ष विजय चावला से पुलिसकर्मियों के मारपीट करने के मामले में वकीलों में जबर्दस्त रोष है। इन लोगों ने सभी नामजद आरोपियों को सस्पेंड करने की मांग करते हुए बुधवार को पेनडाउन हड़ताल रखी। इन लोगों ने अदालती कामकाज का बहिष्कार किया। बाद में एडवोकेट्स की मीटिंग हुई। इसमें 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी मैंबर्स ने इस संबंध में एसपी विकास शर्मा से भी मुलाकात की।

दरअसल, 11 फरवरी को एक मामले में समझौते करवाने के लिए पुरानी आबादी थाने गए बार संघ अध्यक्ष विजय चावला से मौके पर मौजूद कांस्टेबल ने मारपीट की थी। इन लोगों ने चावला के सिर पर बंदूक की बट से चोट पहुंचाई। चावला के अपना परिचय देने के बावजूद इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद एडवोकेट पुरानी आबादी थाने में एकत्र हो गए थे। इन लोगों ने थाने में धरना लगाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था जबकि इस संबंध में दर्ज एफआईआर में पांच नामजद सहित कई लोगों पर मामला दर्ज हैं।

 

सभी नामजद आरोपियों को सस्पेंड करने की मांग

वकीलों की मांग है कि सभी नामजद आरोपी सस्पेंड किए जाने चाहिएं। एडवोकेट्स का कहना है कि मांग के संबंध में कार्रवाई नहीं होने पर 19 फरवरी तक पेन डाउन हड़ताल रहेगी। बार संघ उपाध्यक्ष उमाशंकर वर्मा ने बताया कि इस संबंध में गठित 21 सदस्यीय कमेटी ने एसपी से वार्ता की है। कार्रवाई नहीं होने पर 19 तक पेनडाउन हड़ताल रखेंगे।

Join Whatsapp 26