
राजस्थान में भाजपा संगठन में जल्द ही होगा ये बड़ा फेरबदल, जल्द नियुक्ति करने की तैयारी





राजस्थान में भाजपा संगठन में जल्द ही होगा ये बड़ा फेरबदल
जयपुर। प्रदेश भाजपा के संगठन में जल्द ही फेरबदल देखने को मिल सकता है। प्रदेश महामंत्री रहे भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री और दिया कुमारी उपमुख्यमंत्री बन चुकीं हैं। ऐसे में प्रदेश महामंत्री के दो पद रिक्त हो गए हैं। इनमें से एक प्रदेश महामंत्री (कार्यालय) के पद पर जल्द नियुक्ति करने की तैयारी चल रही है। चन्द्रशेखर के जाने से संगठन महामंत्री का पद भी रिक्त हो गया है। इस पद पर भी नियुक्ति का इंतजार हो रहा है। यह नियुक्ति आलाकमान को करनी है।
इस माह राज्यसभा चुनाव है। इस माह के अंत में या मार्च के प्रथम सप्ताह में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता भी लगनी है। सबसे ज्यादा परेशानी प्रदेश कार्यालय महामंत्री को लेकर ही है। लंबे समय से इस पद की सीएम भजनलाल शर्मा बखूबी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब वे सीएम बन चुके हैं, लेकिन दो माह बाद भी इस पद के लिए पार्टी अभी योग्य नेता नहीं तलाश पाई है। कार्यालय महामंत्री ही वह पद है, जो केंद्र और राज्य संगठन के बीच समन्वय बनाकर काम करता है। भाजपा ने संगठन में पांच नेताओं को महामंत्री बना रखा था, अब तीन महामंत्री ही काम कर रहे हैं। प्रदेश मंत्री का एक पद भी अब रिक्त हो चुका है। प्रदेश मंत्री रहे हीरा लाल नागर सरकार में मंत्री बन चुके हैं।


