
अधिकारियों को अपनी कुर्सी का मोह नहीं छोडऩा 15 आरएएस अधिकारियों को पड़ सकता है भारी







जयपुर। ट्रांसफर के बाद भी कुर्सी का मोह नहीं छोडऩा प्रदेश के 15 आरएएस अधिकारियों को भारी पड़ सकता है। कार्मिक विभाग ने ऐसे 11 आरएएस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं 4 आरएएस अधिकारियों को मेडिकल बोर्ड के सामने पेश होने के लिए कहा है। 11 आरएएस अधिकारी वो है, जिन्होंने ट्रांसफर के बाद नई जगह पर जॉइन नहीं किया। वहीं 4 आरएएस अधिकारी वो हैं, जिन्होंने कारण बताओ नोटिस में नई जगह जॉइन नहीं करने का कारण खुद की बीमारी को बताया। ऐसे अधिकारियों को अब मेडिकल बोर्ड के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है।
इनको मिला कारण बताओ नोटिस
तबादले के बाद नई जगह जॉइन नहीं करने पर 11 आरएएस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें आरएएस सुरेंद्र सिंह यादव, आरएएस हनुमान सिंह राठौड़, आरएएस सुमन सोनम, आरएएस प्रभजोत गिल, आरएएस हेमराज गुर्जर, आरएएस राकेश कुमार द्वितीय, आरएएस जगदीश सिंह, आरएएस बृजेश गुप्ता, आरएएस भावना सिंह, आरएएस पुनीत कुमार गैलरा और आरएएस श्रीकांत व्यास शामिल हैं। इन अधिकारियों में से अधिकतर का ट्रांसफर 5 जनवरी को जारी हुई लिस्ट में हुआ था।
ये होंगे मेडिकल बोर्ड के सामने पेश
पिछले दिनों तबादला होने पर भी नए पद पर जॉइन नहीं करने वाले आरएएस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इनमें से कुछ अफसरों ने नोटिस के जवाब में बीमारी को कारण बताया था। इन अधिकारियों में आरएएस शिवचरण मीणा, आरएएस राकेश कुमार गुप्ता, आरएएस राकेश कुमार मीणा और आरएएस गौरीशंकर मीणा शामिल हैं। इन चारों को अब मेडिकल बोर्ड के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है।


