
निफ्टी भी 460 अंक टूटा; ऑटो-बैंकिंग शेयर फिसले, ईरान और पाकिस्तान के बीच तनाव से बाजार में दबाव







शेयर बाजार में आज यानी 17 जनवरी को बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 1628 अंक गिरकर 71,500 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 460 अंक की गिरावट रही। यह 21,571 के लेवल पर बंद हुआ।
आज के कारोबार में ऑटो और बैंकिंग शेयर्स में सबसे ज्यादा गिरावट रही। तिमाही नतीजों के बाद HDFC बैंक के शेयर 8% से ज्यादा टूटे हैं। कोटक बैंक भी करीब 4% नीचे बंद हुआ। वहीं टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी में 1% से ज्यादा की गिरावट रही।
निवेशकों को एक दिन में ₹ 5 लाख करोड़ का घाटा
बाजार में इस गिरावट के बाद BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 375 लाख करोड़ रुपए से घटकर 370 लाख करोड़ रुपए पर आ गया। इसका मतलब है कि एक दिन में निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।
बाजार में गिरावट के 4 कारण:
- बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली का असर पूरे बाजार पर पड़ा है। इससे निफ्टी बैंक 2.5% से ज्यादा गिर गया।
- बाजारों में तेज रैली के बाद लोग कुछ प्रॉफिट बुकिंग कर रहे हैं। मिड और स्मॉल कैप ओवरवैल्यूड हो गए हैं।
- कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बाजार को नीचे खींचा है। डाओ जोंस में मंगलवार को 0.62% की गिरावट रही।
- इजराइल-हमास युद्ध के बाद अब ईरान और पाकिस्तान में तनाव के कारण जियो टेंशन फिर बढ़ने लगी हैं।
सेंसेक्स को HDFC बैंक ने सबसे ज्यादा गिराया
HDFC बैंक के शेयर आज 137 रुपए या 8.16% की गिरावट के साथ 1,542 रुपए पर बंद हुए। सेंसेक्स को गिराने में इसकी हिस्सेदारी 904 पॉइंट की रही। दरअसल, 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में हर स्टॉक को उसके मार्केट कैप के आधार पर एक वेटेज दिया गया है।
ज्यादा मार्केट कैप वाले शेयरों को इंडेक्स में ज्यादा वेटेज मिलता है। जैसे रिलायंस का सबसे ज्यादा मार्केट कैप है, इसलिए उसका वेटेज 11.95% है। HDFC बैंक का वेटेज 10.38% है। वहीं विप्रो का सबसे कम 0.81% का वेटेज है।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए, बाजार में किसी दिन रिलायंस का शेयर 2% और विप्रो का शेयर 5% गिर जाता है। यहां रिलांयस का शेयर विप्रो के मुकाबले 3% कम गिरा है, तब भी वेटेज के कारण सेंसेक्स को गिराने में रिलायंस का योगदान ज्यादा होगा।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी 16 जनवरी को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 199 अंक की गिरावट के साथ 73,128 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 65 अंक की गिरावट रही। यह 22,031 के लेवल पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 में तेजी देखने को मिली थी।


