Gold Silver

गोगामेड़ी की हत्या के बाद राजस्थान में विरोध, रोडवेज बस पर पथराव, रास्ता जाम किया, प्रदेश में हाई अलर्ट पर पुलिस

खुलासा न्यूज, नेटवर्क। जयपुर में मंगलवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद प्रदेशभर में विरोध शुरू हो गया है। चूरू में समर्थकों ने बस पर पथराव किया और रास्ता भी जाम किया। जयपुर में भी मेट्रो मास हॉस्पिटल के बाहर रास्ता रोका गया। वहीं राजसमंद के कुंभलगढ़ में भी बाजार बंद करवाया गया। बस पर पथराव के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाने का प्रयास किया। दरअसल, जयपुर के श्याम नगर स्थित उनके आवास पर दिनदहाड़े 3 बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

चूरू के सादुलपुर में सड़क को किया जाम, चैनपुरा में पथराव

 

गोगामेड़ी के निधन के बाद चूरू में लोगों ने शाम 5 बजे विरोध शुरू कर दिया है। चूरू जिले के सादुलपुर में लोग सड़कों पर आ गए हैं। गांव चैनपुरा बड़ा में सादुलपुर से सिधमुख मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया है। इसके साथ ही कुछ लोगों ने हनुमानगढ़ डिपो की सादुलपुर आ रही राजस्थान रोड़वेज की बस पर पथराव भी किया। जब पथराव हुआ तब बस में करीब 25-30 सवारियां थीं, जो अपना सामान बस में ही छोड़ कर भाग गईं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन अभी तक रास्ता खुल नहीं पाया है। वहीं, चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र के गांव हडिय़ाल व चलकोई में भी सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं के द्वारा सड़क पर जाम लगाया गया। दूधवाखारा थानाधिकारी अल्का बिश्नोई ने बताया कि एनएच 52 पर शाम करीब 6 बजे आधा घंटे तक जाम लगाया गया। राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर व लकडियां डालकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पहुंची पुलिस ने समझाइश कर रास्ता खुलवाया। इसके बाद देर शाम गांव चलकोई में भी करणी सेना के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क पर जाम लगा दिया था, यहां कार्यकर्ताओं से समझाइश कर रास्ता खुलवाया गया।

 

जयपुर में रास्ता जाम, राजसमंद के कुंभलगढ़ में भी बंद हुए बाजार

 

गोगामेड़ी की हत्या के बड़ी संख्या में समर्थक जयपुर के मानसरोवर स्थित मेट्रो मास हॉस्पिटल के बाहर शामिल हुए। इसके बाद वहां रास्ता जाम किया और टायर जलाए गए। पुलिस की ओर से समझाइश का भी प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। देर शम तक समर्थक हॉस्पिटल के बाहर जुटे रहे और विरोध में नारेबाजी करते रहे। सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के चलते कुंभलगढ़ में भी व्यापार मंडल ने भी अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया है। साथ ही अपराधियों को पकडऩे की मांग की है। भाजपा के युवा मोर्चा अध्यक्ष अल्पेश असावा ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने धन्यवाद यात्रा के तहत विधानसभा क्षेत्र में चल रहे दौरे तुरन्त प्रभाव से रद्द किए हैं। इस घटना के बाद गोगामेड़ी के समर्थक शाम करीब 5 बजे कुंभलगढ़ के उदयपुर बस स्टैंड पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद कुंभलगढ़ के बाजार को भी बंद करवाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सुखदेव सिंह का कुंभलगढ़ से पुराना नाता भी रहा है, वह हर साल महाराणा प्रताप जयंती पर यहां होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आते हैं। इसी तरह शाम करीब 5:30 बजे अलवर शहर के नंगली सर्किल पर भी संगठन के कार्यकर्ताओं ने रोड जाम किया। उस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा- मर्डर करने वालों को एनकाउंटर नहीं किया तो पूरे राजस्थान में विरोध बढ़ेगा। वे बोले- यदि 48 घंटे में एक्शन नहीं होता है तो पूरे राजस्थान में जाम लगा दिया जाएगा।

 

बदमाशों ने घर में घुस कर मारी गोली

बता दें कि, मंगलवार को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दिनदहाड़े 3 बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में उनको गोगामेड़ी के घर ले जाने वाले युवक की भी मौत हो गई। गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की। बता दें कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। इससे पहले लंबे समय तक राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था।

Join Whatsapp 26