
शादी करवाने के नाम पर ठगे 2.65 लाख रुपए, बिहार ले जाकर पहनवाई माला






चूरू। बिहार में लडक़ी से शादी करने के नाम पर धोखे से 2 लाख 65 हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने इस्तगासे के माध्यम से भालेरी पुलिस थाने में धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने का मामला दर्ज करवाया है।मामले की जांच कर रहे भालेरी थाना के एएसआई भंवरलाल ने बताया कि कोहिणा निवासी चोखाराम ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि गांव सारायण निवासी बनवारीलाल का उसके घर पर आना जाना था। एक दिन उसने मुझे और मेरे पिता आशाराम से कहा कि उसकी जान पहचान में कई लड़कियां हैं, जिसके साथ चोखाराम की शादी करवा दूंगा। 25 जून को वह हमारे घर आया और कहा कि पुनसीसर गांव का कानाराम उसका दोस्त है। मेरे साथ काम करता है। चोखाराम की शादी करवानी है तो आपके दो लाख रुपए लगेंगे। आप हमें एक लाख रुपए आज दे दो। इसके बाद 26 जून 2023 की दोपहर वह हमारे घर आए। उन्होंने कहा कि आज हमें बिहार चलना है। इसलिए आपको बाकी एक लाख रुपए और रास्ते में होने वाला खर्च देना पड़ेगा।
चोखाराम, बहन सुमित्रा और रिश्तेदार रामकुमार को गाड़ी में साथ लेकर बिहार चले गए। पीडि़त ने उनको बकाया एक लाख रुपए, पेट्रोल और रास्ता खर्च के 65 हजार रुपए अलग दिए। बिहार में जाने पर तीनों को कई लड़कियां दिखायी गई, जहां एक लडक़ी से चोखाराम को माला पहनाई गई। वहां से सभी को गाड़ी में बैठाकर रवाना किया। करीब दो किलोमीटर दूर चलते ही कुछ लोगों ने लडक़ी को रास्ते में उतरवा लिया। वहीं, चोखाराम, सुमित्रा और रामकुमार को वहां से भगा दिया। वापस घर आकर इसका उलाहना बनवारी और कानाराम को दिया।
उन्होंने कहा कि आपके रुपए हम लौटाएंगे। मगर कुछ समय बाद दोनों ने कहा कि हमारे पास कुछ नहीं है। आपको जो भी करना है आप कर लो। पुलिस ने इस्तगासे के माध्यम से रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

