
आरएएस-2021 में बीकानेर संभाग के विक्रांत रहे टॉपर, राजस्थान को मिलेंगे 988 नए अफसर






आरएएस-2021 में बीकानेर संभाग के विक्रांत रहे टॉपर, राजस्थान को मिलेंगे 988 नए अफसर
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (RAS) परीक्षा-2021 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवा के कुल 988 पदों पर भर्ती होनी है। पहले और दूसरे नंबर पर श्रीगंगानगर के विक्रांत शर्मा और प्रिया बजाज रहीं। बता दें कि RPSC की ओर से राज्य सेवा के 363 तथा अधीनस्थ सेवाओं के 625 पदों के लिए भर्ती निकाली थी और 28 जुलाई से 27 अगस्त 2021 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। प्रारंभिक परीक्षा जिला मुख्यालय और उपखंड स्तर पर 27 अक्टूबर 2021 को हुई थी। इसमें 6 लाख 48 हजार 181 अभ्यर्थियों में से 3 लाख 28 हजार 147 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। 19 नवंबर 2021 को जारी प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में 20 हजार 114 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। इन अभ्यर्थियों के लिए आयोग द्वारा 20 से 21 मार्च 2022 तक मुख्य परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में 17 हजार 837 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। मुख्य परीक्षा का परिणाम 30 अगस्त 2022 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा में पास हुए 2180 कैंडिडेट के इंटरव्यू का प्रथम चरण 10 जुलाई 2023 से शुरू हुआ था। इंटरव्यू का आखिरी चरण 17 नवंबर 2023 को पूरा हुआ था। 2155 अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में सम्मिलित किया गया है।


