
राजस्थान में मौसम में आया बदलाव, सर्द हवाओं से बढ़ी सर्दी, जानें मौसम अपडेट





राजस्थान में मौसम में आया बदलाव, सर्द हवाओं से बढ़ी सर्दी, जानें मौसम अपडेट
जयपुर। हिमालय के तराई क्षेत्रों से आ रही नम हवाओं ने राजस्थान में सर्दी बढ़ा दी है। बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 18 शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। इतना ही नहीं, बुधवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में यह सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इसके अलावा फतेहपुर में 7.5, सीकर में 9 और चूरू में 10 डिग्री रात का पारा रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार सुबह बीकानेर का तापमान 16 डिग्री रहा। इधर, अधिकतर जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 19 नवम्बर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। विंड पैटर्न बदलने के कारण आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने से दिन और रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज होने की संभावना है।

