
दीपावली पर घर-घर हुआ मां लक्ष्मी का पूजन, दुकानों में सिंह लग्न में हुई पूजा






दीपावली पर घर-घर हुआ मां लक्ष्मी का पूजन, दुकानों में सिंह लग्न में हुई पूजा
बीकानेर। धन की देवी लक्ष्मी का पर्व दीपावली रविवार रात को धूमधाम से मनाया गया। घर-घर, दुकानों, प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी का पूजन कर आरती की गई। घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, मंदिरों में दीपदान हुआ। पूरा शहर रंगीन रोशनी और दीयों की झिलमिलाहट से रोशन रहा। लक्ष्मी आगमन के स्वागत में जमकर आतिशबाजी हुई। घर-घर में लक्ष्मी पूजन किया गया। दीपावली पर विभिन्न शुभ मुहूर्त में शहरवासी ने लक्ष्मी का पूजन किया। दीपावली पर पारंपरिक रूप से घर-घर में सफेद और लाल मिट्टी से पारंपरिक मांडणे चित्रित किए गए। लक्ष्मी पूजन स्थलों पर मांडणे चित्रित कर उन पर लकड़ी की चौकी लगाकर मां लक्ष्मी को स्थापित कर पूजन किया। वहीं घर के मुख्य द्वार से पूजन स्थल, विभिन्न कमरों, रसोई आदि तक मां लक्ष्मी के आगमन प्रतीक रूप में मिट्टी से पगलिए बनाएं गए। लक्ष्मी पूजन के लिए पूजन सामग्री की खरीदारी का क्रम चला। लोगों ने लक्ष्मी पूजन के लिए लक्ष्मी जी का पाना, चीनी से बने मखाणा, महल-माळिया, ज्वार फूली, काचर, बेर, मतीरा, सीताफल, सिंघाड़ा, मिट्टी से बनी हटड़ी, कुलड़, छोटे व बड़े दीपक, रुई, कुंकुं, रोली, सुपारी, इत्र, कपूर, पुष्प मालाएं आदि पूजन सामग्री की खरीदारी की।


