
बीकानेर: आप भी जा रहे है पेट्रोल भरवाने तो पहले पढ़ लें यह खबर






बीकानेर। बीकानेर समेत पूरे राजस्थान में आज पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल पर हैं। राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग को लेकर 1 अक्टूबर सुबह 6 से शाम 6 बजे तक पंप बंद रहेंगे। इससे पहले शनिवार को भी पंप संचालकों ने रात 8 से 10 बजे दो घंटे तक पंप की लाइट्स को बंद रखकर बिक्री नहीं की। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल पर बढ़ते हुए वैट पर सरकार ने 10 दिन में समाधान करने के लिए कहा था। 13 दिन बाद भी समाधान नहीं निकला है। इससे परेशान होकर 1 अक्टूबर को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक हड़ताल करेंगे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष ने बताया- पूरे प्रदेश में 7 हजार पंप बंद रहेंगे। इनमें लगभग 100 को पंप हैं, जो खुले रहेंगे। वहीं, जयपुर में 7 कोको पंप पर पेट्रोल डीजल की बिक्री जारी रहेगी। यदि सरकार इसका समाधान नहीं करती है तो 2 अक्टूबर सुबह 6 बजे से पूरे प्रदेश के पंप अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इसकी वजह से राज्य में रोजाना लगभग 15 हजार 231 किलोलीटर डीजल और 68 हजार 859 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री प्रभावित होगी। इससे सरकार को हर दिन करीब 44 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा। दरअसल, एसोसिएशन की ओर से वैट कम करने समेत अन्य मांगें की जा रही हैं। इसके लिए 13 और 14 सितंबर को दो दिन की सांकेतिक हड़ताल की गई थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने के बाद 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की गई। 15 सितंबर को ही सरकार से बातचीत के दौरान मिले आश्वासन के बाद इस हड़ताल को स्थगित कर दिया गया था।


