Gold Silver

कांग्रेस-भाजपा घमासान के बीच इस पार्टी की एंट्री, क्या मचेगी खलबली या बिगड़ेगा सियासी गणित?

जयपुर। प्रदेश में इसी वर्ष के आखिर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचलें इन दिनों परवान पर हैं। ‘मिशन सत्ता’ को लेकर कांग्रेस-भाजपा जैसे प्रमुख राजनीतिक दल तो अपना पूरा ज़ोर लगा ही रहे हैं, तो वहीं आरएलपी, बसपा और आप पार्टी भी सरकार बनाने या किंगमेकर की भूमिका तक पहुंचने का दावा कर रहे हैं। इन सब के बीच पड़ोसी राज्य हरियाणा की भाजपा सरकार के सहयोगी जननायक जनता पार्टी, जजपा भी राजस्थान में किस्मत आज़माने चुनाव में उतरने जा रही है। जननायक जनता पार्टी (जजपा) का प्रदेश कार्यालय आज से जयपुर के सिविल लाइंस में शुरू होने जा रहा है। इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय चौटाला और उनके पुत्र व प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला जयपुर पहुंचे हुए हैं। कार्यक्रम के बाद दोनों नेता मीडिया से भी मुखातिब होंगे जिसमें वे प्रदेश में जजपा की आगामी कार्य योजना के बारे में जानकारी साझा करेंगे। जजपा के गठन से पहले भारतीय राष्ट्रीय लोकदल के बैनर तले वर्ष 2008 में चार प्रत्याशी उतारे गए थे। उस दौरान पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था। उसके बाद वर्ष 2013 के दौरान शिक्षक भर्ती घोटाले में आरोप सिद्ध होने के बाद दिग्गज नेता ओम प्रकाश चौटाला की गिरफ्तारी के बाद हुई जेल ने पार्टी के राजस्थान में सियासी सफर पर ब्रेक लगा दिए थे। अब एक बार फिर जजपा प्रदेश में अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है।

 

Join Whatsapp 26