
जान से मारने की नीयत से फायर, दो परिवारों में है आपसी विवाद






खुलासा न्यूज। श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र में आपसी लेनदेन को लेकर जान से मारने की नीयत से फायर करने का मामला दर्ज हुआ है। हालांकि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। मामला एक ही गांव के दो परिवारों के विवाद से जुड़ा हुआ है। दोनों के बीच थोड़ा बहुत विवाद चलता रहता है। शनिवार सुबह दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। इस दौरान एक पक्ष में दूसरे पर फायर कर दिया। मामले की जांच चूनावढ़ एसएचओ तेजवंतसिंह कर रहे हैं। पुलिस में दर्ज मामले में धालेवाला के विजय कुमार ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह गांव के हरदयाल सिंह, हरविंद्र सिंह, भजन सिंह और इंद्रजीत सिंह सहित कुछ लोग आए और झगड़ा करने लगे। आरोपियों ने विवाद के दौरान उसके पुत्र पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि उसका पुत्र इस हमले में बाल बाल बच गया। एसएचओ तेजवंत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद है। एक पक्ष ने दूसरे को कुछ चैक दिए हुए थे। जिन्हें दूसरे पक्ष के बैंक में लगा देने से दोनों पक्षों में विवाद हो गया। शनिवार सुबह बात बढ़ गई। दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। कुछ देर तक दोनों पक्षों में विवाद हुआ, फिर एक पक्ष ने फायर कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।


