
रक्षाबंधन त्योहार पर महिलाओं को दिए जाएंगे 40 लाख स्मार्टफोन






खुलासा न्यूज। प्रदेश के सीएम अशोक गहलोत शुक्रवार को जिले की तारानगर तहसील के गांव बनियाला पहुंचे। उन्होंने महंगाई राहत कैंप का अवलोकन किया और आमसभा को संबोधित किया। महंगाई राहत कैंप में सीएम गहलोत ने लाभार्थियों से बातचीत की और योजनाओं का फीडबैक लिया। सभा को संबोधित करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि उनका विजन 2030 तक राजस्थान को देश का नंबर वन प्रदेश बनाने का है। उन्होंने भाजपा पर देश में घटिया स्तर की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
सीएम गहलोत ने कहा कि आज राजस्थान सड़कों में गुजरात से भी आगे निकल गया है। हमने पांच साल में प्रदेश में 303 कॉलेज खोले। वहीं, 42 कृषि कॉलेज खोले। उन्होंने कहा की हमने लोगों को पांच सौ रुपए में सिलेंडर दिया है। गौशालाओं को नौ माह तक का अनुदान दिया है। गहलोत ने बताया की प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे, जिसमें तीन साल का इंटरनेट फ्री होगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन त्योहार पर महिलाओं को 40 लाख स्मार्टफोन वितरित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और अमित शाह ने देश में तमाम पार्टियों को नेस्तनाबूद करने का काम किया। चुनाव जीतना भाजपा का धर्म बन गया है। उन्होंने कहा कि वह जनता का सेवक बनकर काम कर रहे हैं। उन्हें पद की लालसा नहीं है। सीएम ने कहा कि देश मे घटिया स्तर की राजनीति शुरू हो गई। सीएम गहलोत ने कहा कि इस बार सरकार रिपीट करने का जनता का मूड लग रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष यहां से खिसकने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने इशारों में कहा कि नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ इस बार चूरू से चुनाव नहीं लड़ेंगे। पिछली बार जनता भावनाओं में बह गई और ना अब तक उनके पद के आगे पूर्व मंत्री लग चुका होता। सभा को प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, परिवहन मंत्री बृजेंद्र ओला, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, सादुलपुर विधायक कृष्णा पूनिया, सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा, तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया ने भी सभा को सम्बोधित किया।


