Gold Silver

कुछ ही घंटे में चोरों ने चुराए गहने, मकान मालिक गया था घर से बाहर

श्रीगंगानगर। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को चोरों ने एक मकान पर धावा बोल कर सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। घटना के समय मकान मालिक और उसका परिवार कुछ समय के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर ताले तोड़े और 70 हजार रुपए और गहने चुरा लिए। घटना गांव साधुवाली में हुई। गांव के भूपेंद्र कुमार पुत्र अमीलाल ने इस संबंध में जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। भूपेंद्र ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ कुछ समय के लिए बाहर गया हुआ था। वह कुछ ही घंटों के बाद लौट आया लेकिन इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर लिया। आरोपी सुबह करीब ग्यारह बजे के बाद घर में घुसा और उसने घर में रखे सत्तर हजार रुपए, तीस ग्राम चांदी के गहने और तीन से चार ग्राम वजन का एक सोने का लॉकेट चुरा लिया। भूपेंद्र ने बताया कि वह गुरुवार शाम को घर लौटा तो उसे घर के गेट खुले मिले। मकान में जाकर देखा तो चोरी की वारदात का पता लगा। इस पर जवाहर नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लिया। मामले की जांच एएसआई हेतराम को दी गई। उन्होंने जांच शुरू कर दी है।

Join Whatsapp 26