
संजय राउत का आरोप-शिंदे के बेटे ने मेरी सुपारी दी:देवेंद्र फडणवीस बोले- राउत सनसनी फैलाते हैं; जवाब मिला- आप गुंडों का साथ न दें






उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने मंगलवार को डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस को चिट्ठी लिखी है। संजय ने कहा कि उनकी जान को खतरा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत ने उन्हें मारने की सुपारी दी है। श्रीकांत ने इस काम के लिए ठाणे के क्रिमिनल राजा ठाकुर को चुना है।
हालांकि, देवेंद्र फडणवीस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे केवल सनसनी फैलाना चाहते हैं। डिप्टी CM के बयान पर पलटवार करते हुए संजय ने कहा- उन्हें ये नहीं भूलना चाहिए कि वे गृहमंत्री हैं। उन्हें गुंडों का साथ नहीं देना चाहिए।
अब इस मामले में ठाणे पुलिस की टीम संजय राउत का बयान दर्ज के लिए नाशिक रवाना हो गई है।
सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम जानिए…
1. संजय का आरोप- मुख्यमंत्री का बेटा मारना चाहता है
संजय राउत ने महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चिट्ठी लिखी। जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की बात कही। संजय ने आरोप लगाया कि “CM शिंदे का बेटे श्रीकांत ने उन्हें मारने के लिए ठाणे के एक अपराधी राजा ठाकुर को सुपारी दी है।” संजय के इन आरोपों से महाराष्ट्र में हलचल मच गई।

संजय ने कहा- “राज्य में सत्ता बदलने के बाद मेरी सुरक्षा भी वापस ले ली गई। मुझे इससे कोई शिकायत नहीं। ऐसे राजनैतिक निर्णय होते रहते हैं। महाराष्ट्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आप तक ये बात लाना जरूरी थी। मुझे कोई सिक्योरिटी नहीं चाहिए क्योंकि मैं अकेला शेर हूं।”
2. फडणवीस बोले- वे केवल सनसनी फैलाते हैं
फडणवीस ने इन आरोपों पर कहा कि राज्य सभा से सांसद केवल सिम्पैथी पाना चाहते थे।सुरक्षा को राजनीति से जोड़ना बहुत गलत है, बिना सबूत ऐसे आरोप लगाना और भी गलत है। उन्होंने कहा- पहले हम उनके आरोपों का जवाब देते थे, लेकिन अब वे बेसिर-पैर की बातें करते हैं। उन्हें क्या जवाब दिया जाना चाहिए।
3. संजय राउत ने कहा- फडणवीस भूलें नहीं वे गृहमंत्री हैं
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जवाब पर संजय राउत ने एक बार फिर तंज कसा। उन्होंने कहा- जिम्मेदार गृहमंत्री ऐसा जवाब नहीं दे सकता। सनसनी पैदा करना आप लोग सिखा रहे हैं। बालासाहेब ठाकरे की संस्थाओं में ऐसा नहीं होता। आपको पता होना चाहिए कि आप गृहमंत्री हैं, इसलिए चोरों और गुंडों का पक्ष न लें।


