Gold Silver

FIR हुई तो मंत्री गुढ़ा ने गहलोत पर उठाए सवाल, कहा- पत्नी ने पहले ही कहा था पंगे मत लो, सीएम को अपने विधायक पर ही भरोसा नहीं रहा

खुलासा न्यूज, नेटवर्क। राजस्थान के सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के खिलाफ गुरुवार को एफआईआर दर्ज हुई थी। वार्ड पंच (ग्राम पंचायत मेंबर) गब्बर सिंह उर्फ दुर्गा सिंह ने अपने साथ मारपीट और अपहरण का आरोप लगाया था। गब्बर कांग्रेस का कार्यकर्ता भी है। पुलिस के इस कार्रवाई पर शुक्रवार को गुढ़ा ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी विधायक या मंत्री के खिलाफ थाने में सीधे मामला दर्ज हो जाना, सोचने वाली बात है। मेरी वाइफ ने पहले ही कहा था कि पंगे मत लो? मंत्री ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सवाल उठाए। कहा- राजस्थान के मुख्यमंत्री ही गृह मंत्री हैं। उन्हें अपने मंत्री पर इतना भी इकबाल नहीं कि इस मुकदमे से पहले मेरी जानकारी ले लेते कि मामला क्या है?

मंत्री ने कहा कि उस वार्ड पंच को जानता हूं, वो लोगों के साथ चीट करता है। मैंने पिछली सरकार में भी उनके (मुख्यमंत्री) साथ काम किया था, अभी भी कर रहा हूं। मंत्री पर कोई मुकदमा हो, वो सीएम की जानकारी के बिना नहीं हो सकता क्या? होम मिनिस्ट्री भी उन्हीं (अशोक गहलोत) के पास है।

गुढ़ा ने कहा कि वार्ड पंच से पीडि़त महिला विमला कंवर उनके पास आई थी। विमला दो बच्चियों को लेकर आत्महत्या करने की हालत में थी। मेरे पास पैसे की व्यवस्था नहीं थी। एक-दो लोगों को बोलकर पैसे की व्यवस्था कराई। सीएम को कहूंगा अपनी टीम पर विश्वास रखें। जानकारी लें। वो महिला मर सकती थी। उसकी बच्चियों की शादी थी। उसने कहा था कि मैं सुसाइड कर लूंगी। महिला की मदद का मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था। वो (वार्ड पंच) तो चीटर है। हाथ तो उसका पहले से टूटा हुआ है। उसका एक्सीडेंट हुआ था। उसकी क्या पिटाई करता।

Join Whatsapp 26