
बीकानेर/ सूनसान पड़े स्टेशन पर दिखी चहल-पहल, कई रेलगाड़ियाँ रुकी






खुलासा न्यूज़ , बीकानेर । बीकानेर ईस्ट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को पहली बार चहल-पहल दिखाई दी। गुरुवार रात रानी बाजार अंडर ब्रिज का काम शुरू हुआ तो दिल्ली से आने वाली रेल यहीं रुकी। अब तक सूनसान पड़े इस स्टेशन पर बकायदा अनाउंसमेंट हुआ, कुली नजर आए। यात्रियों को यहां से बीकानेर जंक्शन ले जाने के लिए टेक्सी कम और बसें ज्यादा नजर आई। दरअसल, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए यहां बसों की खास व्यवस्था की थी।
अंडर ब्रिज के निर्माण हेतु ट्रैफिक ब्लॉक के कारण शुक्रवार को यहां रेल यातायात बाधित रहा। ऐसे में बीकानेर ईस्ट रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से आने वाली रेल रुकी। इसके अलावा हरिद्वार से आने वाले वाड़ी रेल भी यहीं रुक रही है। ईस्ट स्टेशन से बीकानेर रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए निःशुल्क बसों की व्यवस्था की गई। गाड़ी संख्या 12457 दिल्ली सराय बीकानेर एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 14718 हरिद्वार बीकानेर एक्सप्रेस रेल सेवा इस मार्ग पर बाधित है।
सुबह 5:30 बजे ही बीकानेर मंडल की तरफ से बीकानेर ईस्ट स्टेशन पर निःशुल्क बसों की व्यवस्था कर दी गई थी। इस अवसर पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक जितेंद्र शर्मा के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल का स्टाफ, रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ,रेलवे कर्मचारी एवं कुली आने वाले रेल यात्रियों की सहायता हेतु पहुंच गए थे। पहली गाड़ी संख्या 12457 दिल्ली सराय बीकानेर एक्सप्रेस प्रातः 5:55 पर बीकानेर ईस्ट स्टेशन पर पहुंची। गाड़ी के आने पर बीकानेर ईस्ट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए गाड़ी के वहीं समाप्त होने की एनाउंसमेंट किया गया। यात्रियों को बताया गया कि निःशुल्क बसों की स्टेशन परिसर के बाहर व्यवस्था की गई है एवं यात्रियों की सहायता के लिए कुलियों की भी व्यवस्था की गई है।


