Gold Silver

राजस्थान कांग्रेस में लागू होने जा रहा नया कॉन्सेप्ट, नेतागिरी करनी है तो करना होगा

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस संगठन में अब पदाधिकारी बनने या विधायक से लेकर मंत्री बनने तक की योग्यता में अब एक नया क्राइटेरिया जुडऩे जा रहा है। इसके तहत अब नेताओं को हर एक महीने में किसी भी एक दिन 15 किलोमीटर सडक़ पर चलना अनिवार्य होगा। सुनने में ये अनिवार्यता एकबारगी ज़रूर हैरान करने वाली लगती है, लेकिन राज्य संगठन इस अनिवार्यता को लागू करवाने के लिए गंभीरता से विचार कर रह है।
अमल में आएगा राहुल गांधी का सुझाव राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की माने तो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सभी नेताओं को सडक़ पर उतरकर जनता के बीच जाने का सुझाव दिया है। उसी के आधार पर अब हर महीने सभी विधायक, मंत्री और संगठन के लोग 15 किलोमीटर पैदल चलकर गांवों में जनता के बीच जाएंगे। इसकी शुरुआत संभवत: 26-27 जनवरी से होगी।
राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम दिन हुई प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा प्रदेश में सत्ता और संगठन मिलकर काम करेंगे। अब हर मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता या संगठन के लोगों को एक महीने में कम से कम एक बार 15 किलोमीटर चलना अनिवार्य होगा।
एमएलए-मिनिस्टर रहना है तो चलना होगा
डोटासरा ने कहा कि अगर किसी को संगठन में काम करना है, पद लेना है या किसी को एमएलए बनना है, किसी को मिनिस्टर रहना है तो उन सभी को महीने में किसी एक दिन 15 किलोमीटर गांव में जाकर लोगों के बीच में चलना ही होगा। इसे हम सुनिश्चित करेंगे।

Join Whatsapp 26